गाजियाबाद। आखिर लंबे इंतजार के बाद गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की 165वीं बोर्ड बैठक आगामी 3 अगस्त को प्रस्तावित की गई है। मेरठ मंडल की मंडलायुक्त एवं जीडीए चेयरमैन सेल्वा कुमारी जे. की अध्यक्षता में मंडलायुक्त सभागार में आगामी 3 अगस्त शनिवार दोपहर 12 बजे से बोर्ड बैठक होगी। जीडीए बोर्ड बैठक की मंडलायुक्त ने 3 अगस्त की तारीख प्रस्तावित की है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने सभी अनुभाग के अधिकारियों को बोर्ड बैठक में रखे जाने वाले प्रस्ताव जल्द तैयार कर एजेंडा तैयार करने के निर्देश दिए है। उन्होंने बताया कि मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे. की अध्यक्षता में आगामी 3 अगस्त को मंडलायुक्त सभागार में दोपहर 12 बजे से जीडीए बोर्ड बैठक होगी। बोर्ड बैठक में करीब 15 प्रस्ताव रखे जाएंगे।
इनमें सबसे अहम प्रस्ताव नया गाजियाबाद शहर बसाने का रखा जाएगा। इसके अलावा मास्टर प्लान-2031 का संशोधित ड्राफ्ट के अलावा वित्तीय वर्ष-2024-25 मार्च तक जीडीए संपत्तियों के सेक्टर रेट फ्रीज करने संबंधी प्रस्ताव रखा जाएगा। जीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि 165वीं बोर्ड बैठक में इन प्रस्तावों के अलावा कुछ अन्य प्रस्ताव भी रखे जाएंगे। इनमें जीडीए के विभिन्न अनुभाग में विकास कार्यों को गति देने के लिए सेवानिवृत्त अधिकारियों को विभिन्न पदों पर मानदेय पर रखने संबंधी प्रस्ताव रखा जाएगा। रिक्त करीब 100 पदों में से करीब 34 पदों पर मानदेय पर रखा जाएगा। इनमें अधिशासी अभियंता,सहायक अभियंता, अवर अभियंता सिविल, विद्युत के अलावा लेखाकार,उद्यान निरीक्षक, अमीन आदि शामिल हैं। बता दें कि जीडीए की मार्च के बाद अब अगस्त में लंबे इंतजार के बोर्ड बैठक होने जा रही है।















