डीएम-एसएसपी के मोहल्ले में घूम-घूम कर बदमाशों ने की फायरिंग

गाजियाबाद में बदमाश पुलिस को दे रहे खुलेआम चुनौती

पॉश इलाके में फायरिंग कर घूमते रहे बीएमडब्ल्यू सवार युवक

विडियो हुआ वायरल, एसपी सिटी ने कहा जल्द पकड़े जाएगें बदमाश

गाजियाबाद। दिल्ली में आतंकियों के पकड़े जाने के बाद जिला पुलिस अलर्ट मोड पर है और नेहरूनगर में आरएसएस की कार्यसमिति की बैठक भी चल रही है। इसके बावजूद पुलिस की चेकिंग के बीच बुधवार रात कविनगर क्षेत्र के पॉश इलाके में बीएमडब्ल्यू सवार युवकों ने सरेआम फायरिंग कर दहशत फैला दी। फायरिंग का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस ने आरोपियों को नही पकड़ सकी।
अवंतिका में फायरिंग करने के बाद बेखौफ युवक सेक्टर-10 राजनगर में घुस गए और वहां भी फायरिंग की। राजनगर में ही गाजियाबाद के डीएम, एसएसपी सहित प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों के निवास हैं और सेक्टर-10 से इन अधिकारियों के घर की दूरी करीब 500 मीटर भी नहीं है। कार सवार युवकों ने महिला के साथ जा रहे बाइक सवार के साथ छींटाकशी की। युवक ने जब घटना का विरोध किया तो कार सवारों ने उस पर गोली चला दी, गोली युवक के कान के पास से होते हुए गुजर गई। घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस दौड़ पड़ी। बुधवार रात की इस घटना ने गाजियाबाद की पुलिसिंग व्यवस्था की कलई खोल दी है। घटना यह बताने के लिए काफी है कि गाजियाबाद में बदमाशों को पुलिस का खौफ नहीं है।

एसएसपी ने शहर में नाकाबंदी कर आरोपियों की धरपकड़ के आदेश दिए। बता दें कि नेहरूनगर में आरएसएस की कार्यसमिति की बैठक चल रही है। इसमें भाग लेने के लिए सरसंघचालक मोहन भागवत समेत तमाम बड़ी हस्तियां शहर में मौजूद हैं। उनकी सुरक्षा की दृष्टि और दिल्ली में आतंकियों के पकड़े जाने के बाद जिला पुलिस अलर्ट मोड पर है। इसके बावजूद बुधवार रात सफेद रंग की बीएमडब्ल्यू कार में सवार युवकों ने कविनगर क्षेत्र के पॉश इलाके में दबंगई दिखाते हुए कई स्थानों पर फायरिंग की।

अवंतिका में फायरिंग करने के बाद आरोपियों ने सेक्टर-10 राजनगर में अपनी कार मोड़ दी। बताया जा रहा है कि अवंतिका में बाइक पर महिला-पुरुष जा रहे थे। बीएमडब्ल्यू सवारों ने उन पर छींटाकशी की तो युवक ने विरोध जताया। हिम्मत दिखाते हुए युवक ने बीएमडब्ल्यू सवारों को ललकारते हुए कार रुकवा ली। युवक बीएमडब्ल्यू के चालक की तरफ बढ़ा तो उसमें बैठे युवकों ने उस पर पिस्टल से गोली चला दी। गोली युवक के कान के पास से होते हुए गुजर गई। एसपी सिटी अभिषेक वर्मा ने बताया कार के नंबर को ट्रेस करने पर बीएमडब्ल्यू अशोक नगर निवासी सतेंद्र यादव के नाम पर रजिस्टर्ड मिली। पुलिस कार मालिक तक पहुंची तो पता चला कि उन्होंने यह कार कैला भट्टा क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति को बेच दी है। आरोपी कैला भट्टा इलाके के रहने वाले हैं। उन्होंने आठ लाख रुपये में सेकेंड हैंड बीएमडब्ल्यू खरीदी है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।