-हमें आजादी दिलाने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने दी हैं अनेकों कुर्बानियां: इन्द्र विक्रम सिंह
-सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल में काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव का आयोजन
गाजियाबाद। जिला प्रशासन एवं जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा शुक्रवार को सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल में काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा एवं जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह विशिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थिति रहे। कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा व जिलाधिकारी का स्वागत किया गया। कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा हमारे देश में व्यापारी बनकर आये ब्रिटिश ने अपनी कूटनीति से भारतवासियों पर राज किया और उन पर जुल्म किए। जिसका स्वतंत्रता सेनाओं ने विरोध किया और अपने देश के खजाने को काकोरी ट्रेन एक्शन के माध्यम से विदेश जाने से रोक दिया। हमें गर्व है उन स्वतंत्रता सेनानियों पर जिन्होने अपने देश के खजाने को विदेश जाने से रोका। ब्रिटिश सरकार के मनमाने नियमों ने उन्हें लूट सहित अन्य मामलों में कारागार में डाल दिया और फांसी दे दी। कहा कि वर्तमान में भाजपा सरकार धीरे-धीरे उनके बनाए कानून, नियमों को खत्म करती जा रही है, जिस पर हमें गर्व होना चाहिए। इसी के साथ अन्य वीरों को याद करते हुए माननीय मुख्य अतिथि द्वारा जय हिन्द, जय हिन्द, जय हिन्द कहते हुए अपने उद्बोधन को विराम दिया।
जिलाधिकारी ने सुनाई काकोरी ट्रेन एक्शन की गाथा
जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए कहा कि हम वर्तमान समय में जो आजादी की सांस ले रहे हैं यह हमें यूं ही नहीं मिल गई हैं। इसके लिए हमारे देश के देश भक्त वीर जवानों ने अपने परिवारजनों की चिंता ना करते हुए अपनी जान-जवानी न्योछावर की है। हमारे देश की उन्ही स्वतंत्रता सेनानियों के वीर पराक्रम की गाथा है काकोरी ट्रेन एक्शन। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के पास युद्ध लड़ने के लिए हथियारों की कमी थी, जिसके लिए क्रांतिकारी राम प्रसाद बिस्मिल के नेतृत्व में ब्रिटिश सरकार के खजाने को ट्रेन में लूटने की योजना बनाई गयी। इसी के मद्देनजर आज से सौ वर्ष पूर्व 9 अगस्त 1925 को काकोरी ट्रेन एक्शन को अंजाम दिया गया। जिसके कुछ महीनों बाद ब्रिटिश सरकार द्वारा इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया, इसके साथ इनकी संस्था हिन्दुस्तान रिपब्लिक एसोसिएशन के 40 क्रांतिकारियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
जिसमें राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्लाह खां, ठाकुर रोशन सिंह, राजेन्द्रनाथ लाहिड़ी को उत्तर प्रदेश की तीन अलग-अलग जेलों में 1927 में फांसी दी गई और शेष क्रांतिकारियों को कालापानी, उम्र कैद, 10 वर्ष सहित अन्य सजा दी गयी। इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि पूर्व में इस घटना को काकोरी कांड या काकोरी षडयंत्र के रूप में जाना जाता था। प्रदेश सरकार द्वारा 9 अगस्त 2021 में इस शौर्य गाथा को काकोरी ट्रेन एक्शन नाम दिया गया। प्रदेश सरकार के आदेशों के क्रम में काकोरी ट्रेन एक्शन के कार्यक्रम पूरे वर्ष तक चलेंगे। इन कार्यक्रमों से जनता में स्वतंत्रता सेनानियों/देश भक्त वीरों एवं उनके द्वारा दी गई कुर्बानियों को याद रखेंगे और सभी देशवासियों कि मन में अत्यधिक देश प्रेम की भावना जागृत होगी।
11 टीमों ने किया बैंड प्रतियोगिता में प्रतिभाग
काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव के मद्देनजर जनपद में अलग-अलग स्थानों पर पेंटिंग, लेखन, चित्रकला, निबंध, बैंड वादन सहित अन्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसके क्रम में सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल में बैण्ड वादन प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें 11 विद्यालयों की बैंड वादन टीम द्वारा प्रतिभाग किया गया। जिसमें ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय, गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज, सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल, चौधरी छबीलदास पब्लिक स्कूल, नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज, सनातन धर्म इंटर कॉलेज अंबेडकर रोड, डीएवी साहिबाबाद, डीएलएफ पब्लिक स्कूल साहिबाबाद, प्राथमिक विद्यालय मोरटी, प्राथमिक विद्यालय भीकनपुर व प्राथमिक विद्यालय अजबपुर मुंगावली द्वारा प्रतिभाग किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय, द्वितीय गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज व तृतीय स्थान पर सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल विजेता रहे। इसके साथ ही प्राथमिक विद्यालय मोरटी, प्राथमिक विद्यालय भीकनपुर व प्राथमिक विद्यालय अजबपुर मुंगावली को भी संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इसके अलावा शेष सभी टीमो को सांत्वना पुरस्कार दिया जायेगा।
आयोजनकर्ताओं द्वारा अवगत कराया गया कि प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान वालों को क्रमश: रूपये 10,000, 7,500, 5000 व सांत्वना पुरस्कार के रूप में प्रति टीम को 1000 रुपये और सभी प्रतिभागी टीमों को प्रशस्ति पत्र भी दिया जायेगा। कार्यक्रम के दौरान सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल, जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव,जिला पंचायती राज अधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव, जिला पर्यटन अधिकारी सुरेश रावत, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह,जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा, एडीआईओएस सतीश पांडेय, प्रवीन जैनर एनसीसी अधिकारी, रूचि त्यागी,स्कूल प्रधानाचार्या डॉ. माला कपूर, नवन जैन, मंगला वैद्य आदि उपस्थित रहे।



















