-जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की मासिक बैठक
-वृक्षारोपण: सम्बंधित अधिकारी शीघ्र पूर्ण करें जियो टैगिंग का कार्य
गाजियाबाद। जनपद में किए गए वृक्षारोपण की संबंधित अधिकारी जियो टैगिंग का कार्य शीघ्र पूरा कराएं। इसके साथ ही हिंडन नदी को प्रदूषित करने वालों पर अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें। गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने जिला वृक्षारोपण समिति,जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक करते हुए अधिकारियों को यह दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि हिंडन नदी को प्रदूषण मुक्त बनाना है। इसके लिए हर संभव प्रयास करें। पर्यावरण को शुद्ध बनाने में जनपदवासी भी सहयोग करें। बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग ईशा तिवारी ने वृक्षारोपण के कराए गए कार्यों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने सभी विभाग के अधिकारियों को वृक्षारोपण स्थलों की सफलता पूर्वक शत-प्रतिशत जिओ टैगिंग शीघ्र पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया।
उन्होंने जिला परियोजना अधिकारी को निर्देशित किया कि हिंडन नदी पुनरुद्धार एवं नदी जल संरक्षण की जन जागरूकता के लिए अन्य विभागों एवं गणमान्यों के सहयोग से एक कार्य परियोजना तैयार कर आगामी माह की बैठक मे प्रस्तुत करेंगे। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी को निर्देशित किया कि नगर निगम के जलकल विभाग के महाप्रबंधक से समन्वय स्थापित कर जनपद में जितने भी नाले है,उनका विवरण एवं टैप्ड करने की योजना बनाकर अगली बैठक में पेश करें। जनपद में क्रियाशील सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की मैपिंग कराई जाए। बैठक में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी विकास मिश्रा को निर्देशित किया कि उनके विभाग द्वारा हिंडन नदी में औद्योगिक इकाइयों के द्वारा किए जा रहे उत्त प्रवाह करने वाली इकाइयों पर की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रभागीय वानिकी निदेशक कार्यालय को सौंपी जाएं।
हिंडन नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए हमें हर संभव प्रयास करना है। बैठक में जिला पर्यावरण समिति से संबंधित समीर ऐप पर लंबित शिकायतों का संबंधित विभागों द्वारा शीघ्र अतिशीघ्र निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में डस्ट कंट्रोल ऐप पर अधिक से अधिक निर्माण इकाइयों का पंजीकरण कराए जाने तथा दिए गए निर्देशों की अवमानना करने वाली इकाइयों पर विभाग द्वारा की गई कार्रवाई का ब्यौरा आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। पर्यावरण से संबंधित अन्य मुद्दों जैसे सिंगल यूज प्लास्टिक,सड़कों की साफ-सफाई,सड़कों की मरम्मत,खुले में कूड़ा न डाले जाने तथा जनपद में जगह-जगह कूड़ा निस्तारण के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में भी बैठक मेें चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने जनता से अपील की है कि जनपद को प्रदूषण मुक्त बनाने में सहयोग प्रदान कीजिए। बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी ईशा तिवारी, एआरटीओ प्रशासन राहुल श्रीवास्तव, एसीपी ऑफिस प्रियाश्री पाल, उद्यान अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, उप प्रभागीय वानिकी अधिकारी एवं नामित सदस्य उपस्थित रहे।
















