-वाहनों की चेकिंग कर अवैध शराब के खिलाफ चालकों को किया गया जागरूक
-शराब की दुकानों का निरीक्षण करने के साथ कैंटीन की हुई चेकिंग
-शराब विक्रेताओं को नियमानुसार बिक्री करने के साथ साफ-सफाई रखने के दिए निर्देश
गौतमबुद्ध नगर। जिले में बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी को रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने अपना पहरा बढ़ा दिया है। दिन हो या फिर रात दिल्ली व हरियाणा से सटे बॉर्डर के साथ राजमार्ग के साथ राज्य मार्गों पर भी आबकारी विभाग की टीम 24 घंटे मुस्तैद नजर आ रही है। एक-एक वाहन की गहनता के साथ तलाशी लेने के बाद ही गौतमबुद्ध नगर की सीमा में वाहनों को प्रवेश दिया जा रहा है। भले ही त्योहार एवं चुनाव का मौसम खत्म हो चुका है, इन सबसे परे होकर आबकारी विभाग अपनी कार्रवाई को अंजाम देने में किसी भी प्रकार की कोई चूक नहीं कर रहा है। वहीं कुछ दिनों बाद हरियाणा विधानसभा चुनाव का भी नोटिफिकेशन जारी होने वाला है। चुनाव भले ही हरियाणा में हो, लेकिन गौतमबुद्ध नगर की सीमा से सटा होने के कारण आबकारी विभाग भी शराब तस्करों पर अपनी नजर बनाए है। पूर्व में हुई बैठक में हरियाणा और उत्तर प्रदेश के आबकारी विभाग की बैठक में दोनों तरफ से शराब तस्करों पर कार्यवाही के लिए एक समन्वय स्थापित हुआ था, जिसे पूरा करने के लिए आबकारी विभाग अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ रहा है।
अब हरियाणा के शराब तस्कर हो या फिर जिले में चोरी-छिपे शराब तस्करी करने वाले तस्कर की कुंडली को एक-दुसरे से आदान-प्रदान की प्रक्रिया भी तेज हो गई है। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से एक बात तो तय है कि बाहरी राज्यों के शराब माफिया हो या फिर जिले के छोटे शराब तस्कर उनके लिए अब अवैध शराब के कारोबार करना इतना आसान नहीं होगा। इसके अलावा आबकारी विभाग का सक्रिय मुखबिर तंत्र भी शराब तस्करों पर अपनी नजर बनाए हुए है। शराब तस्करों के खिलाफ जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव खुद अपनी ठोस रणनीति पर काम कर रहे है। जिसके परिणाम भी सकारात्मक सामने आ रहे है। इन सबके बीच में अवैध रूप से ग्राहकों से अवैध वसूली करने वाले शराब विक्रेताओं को भी सबक सिखाया जा रहा है। साथ ही बिना लाइसेंस के शराब पिलाने वाले बार, रेस्टोरेंट, होटल व ढाबों संचालकों पर कार्रवाई के लिए विभाग की टीम द्वारा औचक निरीक्षण किया जा रहा है।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की टीमें लगातार दबिश एवं चेकिंग कर रही है। साथ ही शराब तस्करों के ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है। शराब तस्करी के मामले में जेल से छूटकर आए तस्करों की निगरानी के बीच-बीच में चेकिंग भी की जा रही है। रविवार को आबकारी निरीक्षक डॉ. शिखा ठाकुर, नामवर सिंह, अभिनव शाही, आशीष पाण्डेय, चन्द्रशेखर सिंह, गौरव चन्द, रवि जायसवाल की टीम द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में चेकिंग एवं दबिश दी गई। बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करों को रोकने के लिए झुप्पा चेक पोस्ट पर आने-जाने वाले सभी वाहनों को रोक कर चेकिंग की गई। साथ ही उन्हें अवैध शराब के खिलाफ जागरूक भी किया गया। जिससे बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी को रोका जा सकें। कुछ लोग जानकारी के अभाव में अक्सर बाहरी राज्यों की शराब बेचने के उद्देश्य से नहीं खुद पीने या फिर पार्टी करने के लिए आते है। चेकिंग का उद्देश्य भी यहीं होता है कि लोग बाहरी राज्यों की शराब लेकर जिले में आने से उन्हें किन परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
अवैध शराब के साथ पकड़े जाने पर जेल तो होगी ही साथ तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया जाएगा। यूपी और हरियाणा की शराब के रेट में अब पहले के मुकाबले इतना अंतर नही है। इसलिए बाहरी राज्यों की शराब का सेवन से बचे और सुरक्षित घर पहुंचे, ऐसा न हो सस्ती शराब घर की जगह सलाखों के पीछे जाने का कारण बन जाए। इसके अलावा टीम द्वारा रायपुर यमुना पुश्ता, बख्तावपुर एवं नगली, भाईपुर बरहेंनन, फलैदा, ज़ेवर स्थित देशी, विदेशी, बियर की दुकानों का निरीक्षण किया गया एवं कैंटीन की गहनता से चेकिंग की गई। सभी दुकानों पर नियमों को सुनिश्चित कराने के साथ ही दुकानों पर गोपनीय टेस्ट परचेज करवाया जा रहा हैं। निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य पर बिक्री न हो साथ ही सभी दुकानों पर सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सहित संचालित हो रही हैं या नहीं सुनिश्चित किया गया। विक्रेताओं को प्रिंट से अधिक वसूली न करने और दुकानों पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया टीम द्वारा होटल, बार, रेस्टोरेंट एवं ढाबों पर भी चेकिंग अभियान चलाकर उनकी जांच की गई। संचालकों को बिना लाइसेंस के शराब पिलाने और बाहरी राज्यों की शराब मिलने पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



















