-घंटाघर रामलीला मैदान में वृहद रोजगार मेला में क्यूआर कोड से करें पंजीकरण
-वर्तमान समय में 8000 से अधिक रजिस्ट्रेशन हुए, 100 से अधिक कंपनियां करेंगी प्रतिभाग
गाजियाबाद। घंटाघर रामलीला मैदान में प्रस्तावित वृहद युवा रोजगार मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। युवाओं को जहां क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वहीं, युवा रोजगार मेले में 15 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा। वृहद रोजगार मेले के एडीएम एलए एवं नोडल अधिकारी विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि घंटाघर स्थित रामलीला मैदान में वृहद युवा रोजगार मेला प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि युुवा क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण करें। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अब तक 8 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। नोडल अधिकारी ने बताया कि वृहद रोजगार मेले को लेकर तैयारियां पूरी कराई जा रही हैं।
रोजगार मेले के लिए मैदान में लगभग 140 स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जिसमें 20 स्टॉल पर रजिस्ट्रेशन कार्य,3 हेल्प डेस्क,मेडिकल कैंप,डाटा कंबाइइंड कंट्रोल रूम एवं 115 पर कंपनियों के स्टॉल लगेंगे। वर्तमान में 100 कंपनियों से अधिक कंपनियों ने रोजगार मेले में प्रतिभाग करने एवं युवाओं को रोजगार देने के लिए अपनी स्वीकृति प्रदान की है। इन कंपनियों द्वारा 15,167 रिक्त पदों की सूची भी उपलब्ध करा दी गई है। इन निजी कंपनियों द्वारा युवाओं को रोजगार दिया जाएगा।
एडीएम एलए ने कहा कि इसके साथ ही इंजीनियरिंग कॉलेज,एमबीए कॉलेज, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, कौशल विकास मिशन, जिला सेवायोजन आदि विभाग एवं संस्थाओं को रोजगार मेले में अधिक से अधिक युवाओं के पंजीकरण के लिए कहा गया है। वर्तमान में 8 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन क्यूआर कोड के माध्यम से युवाओं द्वारा किए जा चुके हैं। मेले के दौरान ऑनलाइन और ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी रहेगी। उन्होंने कहा कि वृहद रोजगार मेला के दौरान स्वरोजगार के लिए बैंकों द्वारा लोन भी वितरित किया जाएगा। वहीं, मेले में पात्र युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन भी वितरित किए जाएंगे।

















