-सुभासपा गरीबों, वंचितों, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और पीड़ितों की पार्टी
– वैश्य व्यापारियों की सुरक्षा के लिए एक वैश्य रेजीमेंट होना जरुरी
-सुभासपा व्यापार प्रकोष्ठ द्वारा हाइटेक कॉलेज में प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी सम्मान समारोह का आयोजन
गाजियाबाद। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि प्रदेश में होने वाले उपचुनाव में सभी 10 सीटों पर भाजपा और गठबंधन एनडीए जीत का परचम लहराएगी। वह रविवार को एनएच-9 स्थित हाईटेक इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित पार्टी के व्यापार प्रकोठ के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी सम्मान समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्ष ने जो भ्रमित प्रचार किया था,उसे जनता समझ चुकी है। उपचुनाव में जनता एनडीए को सभी सीट पर जीत दिलाकर यह साबित कर देगी। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राहुल गांधी ने अमेरिका में जो बोला है,उसे जनता ने भी सुना है। उन्हें जनता ही उपचुनाव में जवाब देगी। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में जीत के साथ ही वर्ष-2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी प्रदेश में एनडीए की ही सरकार बनेगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि व्यापारी सबसे ज्यादा टैक्स देता है। इसके बाद भी उसका ही सबसे अधिक शोषण भी होता है। ऐसे में हमारी पार्टी व्यापारियों की सुरक्षा के लिए एक वैश्य रेजीमेंट की मांग करती है। इस बात को प्रधानमंत्री के सामने भी रखा गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यापारी को कोई दिक्कत हो,तो वह पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल से संपर्क करें।
उसकी समस्या का समाधान कराया जाएगा। सम्मान समारोह में प्रदेश व जनपदों से आए पदाधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल,राम अवतार जिंदल, अनिल अग्रवाल सांवरिया आदि को समाज में व्यापारियों के लिए सेवा व समाज सेवा करने के लिए कैबिनेट मंत्री ने सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ.अरविंद राजभर ने किया। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता अरुण राजभर,वीरेंद्र कुमार राजभर,दया राम भार्गव,नागेन्द्र कश्यप, ज्ञानेन्द्र चौधरी,संजय अग्रवाल,नागेन्द्र कश्यप,ज्ञानेन्द्र चौधरी जिलाध्यक्ष मुजफ्फरनगर, सुशील बंजारा अध्यक्ष पश्चिम क्षेत्र,राजू पंडित,विनीत माहेश्वरी, कैलाश गोयल, पीताराम राजभर,शक्ति सिंह,हरेन्द्र चौधरी,राधिका पटेल राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला, प्रेमचंद कश्यप,राकेश गौड़ आदि सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
हाईटेक इंजीनियरिंग कॉलेज के चेयरमैन आनंद प्रकाश,राष्ट्रीय अध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ अशोक अग्रवाल नमक वाले द्वारा मंत्री का हार पहनाकर स्वागत किया गया। मंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए प्रतिनिधियों का माला-पहनाकर व शील्ड देकर सम्मानित किया। वरिष्ठ समाजसेवी अनिल गर्ग (विजय सनेटरी), राम अवतार जिन्दल, अनिल अग्रवाल सांवरिया व आनंद प्रकाश को उनके समाज में व्यापारियों के लिए किए गए सेवा कार्यो व उत्कृष्ट समाज सेवा के कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।


















