मोदी शुगर मिल पर किसानों का 104 करोड़ बकाया, कराए पूरा गन्ना भुगतान: जिलाधिकारी

गाजियाबाद। मोदीनगर शुगर मिल पर गन्ना किसानों का 316.48 करोड़ रुपए में से 104.72 करोड़ रुपए बकाया होने के चलते शुगर मिल चालू होने से पहले भुगतान कराया जाएगा। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने जिला गन्ना अधिकारी प्रदीप कुमार तेवतिया, शुगर मिल के प्रबंधक कॉमर्शियल सुरेश शर्मा, लाइजन अफसर डीडी कौशिक के साथ बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने मोदीनगर शुगर मिल के पेराई सत्र-2023-24 के गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा की। समीक्षा में पाया कि,चीनी मिल की कुल देयता 316.48 करोड़ रुपए थी। इसके सापेक्ष 211.76 करोड़ रुपए का गन्ना किसानों को भुगतान किया जा चुका हैं। जो कुल देयता का लगभग 66.91 प्रतिशत है।

जिलाधिकारी ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए बाकी 104.72 करोड़ रुपए के भुगतान करने के संबंध में प्रबंधक कॉमर्शियल सुरेश शर्मा से जानकारी मांगी। उन्होंने अवगत कराया कि मोदीनगर शुगर मिल के पास लगभग 23 करोड़ रुपए की चीनी एवं शीरे आदि का स्टाक शेष है। टैगिंग आदेशानुसार उपरोक्त स्टाक के मूल्य की 85 प्रतिशत धनराशि लगभग 19.55 करोड़ रुपए हैं। जिसका किसानों को जल्द भुगतान कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने चीनी मिल के अध्यासी को पेराई सत्र-2023-24 बकाया गन्ना मूल्य का शत-प्रतिशत भुगतान आगामी पेराई सत्र 2024-25 के शुरू होने पूर्व करने के लिए निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि अगर चीनी मिल प्रबंधन द्वारा उक्त निर्देशों का पालन नहीं किया जाएगा तो चीनी मिल प्रबंधन के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।