-जिला मुख्यालय की अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैयार किया एक्शन प्लान
-डीसीपी सिटी राजेश कुमार ने जिला मुख्यालय का किया निरीक्षण
गाजियाबाद। सदर विधानसभा-56 के लिए 13 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के कार्यक्रम जारी होने के साथ ही जिले में लागू आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराने को लेकर पुलिस ने भी कमर कस ली है। नामांकन प्रक्रिया को पूरी तरह से सरल और सुरक्षित बनाने के लिए डीसीपी (सिटी) राजेश कुमार भी कोई कसर नहीं छोड़ रहे है। जिसके लिए उन्होंने अभी से अपनी तैयारी शुरु कर दी है। बुधवार को डीसीपी सिटी ने एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव, एसएचओ कविनगर योगेंद्र मलिक के साथ जिला मुख्यालय में होने वाली नामांकन प्रक्रिया की संपूर्ण सुरक्षा के लिए कलेक्ट्रेट का भ्रमण किया और वहां का भौतिक निरीक्षण किया।
जिससे नामांकन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न रह जाए। उपचुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए डीसीपी सिटी ने अपनी योजना पर अभी से काम करना शुरु कर दिया है। उपचुनाव के दौरान कलेक्ट्रेट में होने नामांकन प्रक्रिया में अपराधी और शरारती तत्वों से निपटने के लिए अचूक एक्शन प्लान तैयार किया है। डीसीपी के मुताबिक मतदाताओं को किसी प्रकार का प्रलोभन दिए जाने, शराब या पैसा बांटे जाने के बारे में गोपनीय तरीके से सूचना एकत्र कर दोषियों के साथ ही माफिया और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के उपरांत डीसीपी सिटी ने जिला मुख्यालय सभागार में हुई चुनाव संबंधी बैठक में भी हिस्सा लिया।















