साढ़े तीन घंटे चली बैठक में किसानों और वेव सिटी बिल्डर में नहीं बनी सहमति

गाजियाबाद। वेव सिटी से प्रभावित किसानों और बिल्डर के बीच सोमवार को जीडीए में हुई बैठक में सहमति नहीं बन पाई। जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जीडीए अधिकारियों एवं बिल्डर प्रतिनिधियों के साथ किसानों की बैठक हुई। जीडीए सचिव के साथ करीब साढ़े तीन घंटे तक चली बैठक में किसानों और बिल्डर के बीच सभी मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी। दीपावली के बाद अब बैठक कराई जाएगी। जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक सुबह करीब साढ़े 11 बजे से शुरू हुई। इसमें किसान व बिल्डर के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में किसानों से अपनी मांगों को उठाया। भारतीय किसान संगठन के जिला अध्यक्ष लोकेश गुर्जर ने कहा कि बिल्डर ने किसानों के साथ जो समझौता किया था,उसे पूरा किया जाए। किसानों की 10 सूत्रीय मांगो तत्काल पूरी हो।

उन्होंने किसानों की सभी मांगे जीडीए सचिव के सामने रखी। इस दौरान बिल्डर प्रतिनिधियों ने भी किसानों की मांग ध्यानपूर्वक सुनीं। जीडीए सचिव ने किसानों और बिल्डर दोनों को ही समस्या का समाधान निकालने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसान और बिल्डर के बीच जो करार हुआ है, उसे पूरा किया जाए। सूत्र बताते हैं कि किसानों ने विक्रीत भूमि के सापेक्ष किसानों को 8 फीसदी तक आबादी भूखंड दिए जाने की मांग उठाई। साथ ही आबादी के भूखंडों के विकास शुल्क का निर्धारण जीडीए द्वारा कराए जाने के लिए कहा। उन्होंने ग्राम के सभी पुश्तैनी भूमिहीन व्यक्तियों को एलआईजी फ्लैट बिल्डर द्वारा नि:शुल्क दिए जाने की मांग भी रखी। लेकिन किसानों और बिल्डर प्रतिनिधियों के बीच सभी मांगों को लेकर सहमति नहीं बन सकी। इस कारण बैठक बिना निर्णय हुए ही खत्म हो गई। जीडीए अधिकारी अब दीपावली के बाद फिर से किसानों व बिल्डर की बैठक कराएंगे,ताकि दोनों की सभी मुद्दों पर सहमति बन सकें।