जीडीए में आईजीआरएस पर आई शिकायतों का नहीं हो सकेगा फर्जी निस्तारण

-सहायक अभियंता या उससे उच्चाधिकारी करेंगे शिकायतकर्ता के शिकायतों की जांच

गाजियाबाद। जीडीए कर्मचारी लोगों की शिकायतों का फर्जी तरीके से निस्तारण नहीं कर सकेंगे। अब आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण करने के लिए नई योजना बनाई गई है। इसके तहत सहायक अभियंता या उससे उच्चाधिकारी शिकायतकर्ता को फोन कर इसकी जानकारी लेगा। जीडीए में हर महीने सौ से अधिक आईजीआरएस पर शिकायत आती है। इन शिकायतों का सभी अनुभाग निस्तारण भी करते हैं। जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह लगातार शिकायत मिल रही है कि शिकायतों का निस्तारण सिर्फ पोर्टल पर हो रहा है। ऐसे में अब जीडीए सचिव ने सभी अनुभागों को सख्त निर्देश दिए हैं कि प्राधिकरण में आने वाली शिकायतों का सही से निस्तारण किया जाए।

साथ ही निस्तारण करने के बाद अवर अभियंता मौके का फोटो भी पोर्टल पर अपलोड करें। शिकायत का निस्तारण होने के बाद सहायक अभियंता या उच्चाधिकारी शिकायतकर्ता को फोन कर इसकी जानकारी ले। ताकि यह पता चल सके कि पोर्टल पर जो शिकायत का निस्तारण किया गया है। वह सही है या नहीं। साथ ही अगर कोई तकनीकी समस्या के कारण शिकायत का निस्तारण नहीं हो सकता है तो उसके बारे में भी शिकायतकर्ता को जानकारी दी जाए।