दिवाली से पहले घरों में धधक रही महुआ अवैध शराब की भट्टी पर चला आबकारी विभाग का हंटर, तस्करों के घर बोला धावा

-अवैध शराब का निर्माण के गौरखधंधे पर आबकारी विभाग की तिरछी नजर
-दिवाली को लेकर आबकारी विभाग ने चलाया विशेष प्रवर्तन अभियान
-शराब तस्करों की धरपकड़ के लिए आबकारी विभाग की टीमें दिन-रात कर रही खोज

उदय भूमि
लखनऊ। दिवाली के त्योहार में जहां शराब माफिया बाहरी राज्यों की शराब तस्करी करने की जुगत लगा रहे है तो वहीं दुसरी तरफ देहात क्षेत्र में महुआ शराब का निर्माण करने वाले तस्कर भी अपनी कमाई के लिए हर दिन नई उम्मीद के साथ घर, खेत, आम के बाग और तालाब किनारे झाडिय़ों में अवैध शराब का निर्माण कर रहे है। मगर कच्ची शराब बिकने से पहले न जाने कैसे उनकी शराब ग्राहकों से पहले आबकारी विभाग के पास पहुंच रही है। जिस कारण देहात क्षेत्र में महुआ अवैध शराब का धंधा भी बंद होने की कगार पर पहुंच रहा है। शराब तस्करों को जिले से खदेड़ने के लिए आबकारी विभाग की टीमें भी दिन-रात कार्रवाई कर उनके हर मंसूबों पर पानी फेरती नजर आ रही है। दिवाली के त्योहार को सकुशल संपन्न कराने और अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों को जेल पहुंचाने का काम किया जा रहा है। साथ ही आमजन की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को भी सबक सिखाया जा रहा है। आमजन अवैध शराब के सेवन से बचे संके, इसके लिए जागरूकता अभियान भी तेजी से चलाया जा रहा है। आबकारी विभाग की इस मुहिम से काफी लोग जागरूक भी हो रहे है। मगर इस बीच कुछ तस्कर आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई के बाद भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे है। जिनके खिलाफ आबकारी विभाग की टीम ने अभियान छेड़ते हुए कार्रवाई को और तेज कर दिया है।

वहीं सूत्रों का कहना है कि जिले में आबकारी विभाग की सख्ती के चलते शराब माफिया अब कोई रास्ता खोज रहे है। क्योंकि उन्हें भी पता है कि अब जिले में उनका धंधा जमने वाला नहीं है। अवैध शराब के कारोबार में कोई भी व्यक्ति शामिल हो, उसके खिलाफ आबकारी विभाग बिना देरी किए कार्रवाई कर रहा है। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया दिवाली पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए आबकारी विभाग की टीम द्वारा लगातार छापेमारी और दबिश की कार्रवाई कर रही है। साथ ही बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी को रोकने के लिए भी टीम लगातार सभी मार्गों पर 24 घंटे पहरा दे रही है। मंगलवार को आबकारी निरीक्षक राहुल सिंह, अरविंद बघेल की संयुक्त टीम द्वारा थाना बंथरा के अंतर्गत रतौली खटोला गांव और गदौली गांव में संदिग्ध घरों, खेतों, बगीचों, तालाबों के किनारे संदिग्ध स्थानों पर दबिश और छापेमारी की गई। इस दौरान घर के पास बने कमरे में छिपाकर रखी गई लगभग 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद किया गया। उक्त शराब को तस्कर दिवाली के दिन आसपास के गांवों में बेचने की फिराक में थे। मगर उससे पहले ही आबकारी विभाग की टीम ने कच्ची शराब को बरामद कर लिया।

इस दौरान टीम के पहुंचने से पहले ही तस्कर घर छोड़कर फरार हो गए। आबकारी विभाग की टीम ने आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया। शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए आबकारी अधिकारी हर दिन नई रणनीति तैयार कर रहे है। जिसमें उनकी टीमें उन्हीं की नीतियों पर अपनी कार्रवाई को अंजाम भी देती नजर आ रही है। लखनऊ के देहात क्षेत्र में अगर महुआ अवैध शराब के निर्माण कि बात की जाए तो जिस तरह से पहले तस्कर जितना हावी होते नजर आते थे, उतना अब नहीं है। शराब तस्करों के खिलाफ आबकारी विभाग की टीमें उनकी जड़ों पर प्रहार कर रही है। जिस जमीन और स्थान पर शराब तस्कर अवैध शराब का निर्माण करने की सोचते है, उसी स्थल को अपना हथियार बनाकर आबकारी विभाग की टीम कार्रवाई को अंजाम दे रही है। जिस कारण उनके लिए अब अवैध शराब का निर्माण करना भी बेहद मुश्किल हो गया है। वहीं देहात क्षेत्र के जागरूक लोग भी आबकारी विभाग की कार्रवाई में अपना सहयोग देते नजर आ रहे है। जिस कारण उनके लिए अब उनका घर और खेत भी सुरक्षित नहीं रह गया है।

शराब की दुकानों पर आबकारी विभाग की टीम ने मारा छापा
दिवाली पर्व को लेकर आबकारी विभाग की टीमें सड़क पर लगातार चेकिंग के साथ-साथ लाइसेंसी शराब की दुकानों पर भी अवैध शराब की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। रेस्टोरेंट, बार व होटल और ढाबों पर बिना लाइसेंस के शराब पिलाने वाले संचालकों पर सख्ती दिखा रहा है। आबकारी विभाग की टीमें अपने-अपने क्षेत्र में शराब की दुकानों की चेकिंग के साथ रेस्टोरेंट, बार व होटल और ढाबों पर भी लगातार चेकिंग कर रही है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया मंगलवार को आबकारी निरीक्षक सेक्टर-3 रजनीश प्रताप सिंह की टीम द्वारा सहायक पुलिस आयुक्त गाजीपुर एवं प्रभारी निरीक्षक गाजीपुर के साथ अपने सेक्टर अंतर्गत पॉलिटेक्निक, भूतनाथ, लेखराज मार्केट आदि स्थानों पर संचालित मदिरा दुकानों की संघन चेकिंग एवं दुकानों के आसपास तलाशी अभियान चलाया गया।

इसके अतिरिक्त आबकारी निरीक्षक सेक्टर-11 राहुल सिंह की टीम द्वारा सिकंदरपुर देशी, बियर, बंथरा मॉडल शॉप, बंथरा विदेशी, कटी बगिया देशी, विदेशी, बियर, हरौनी विदेशी दुकान का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए गोपनीय टेस्ट परचेजिंग कराई गई। शराब दुकानों के आस-पास और लखनऊ कानपुर रोड पर ढाबों की चेकिंग कर अवैध रूप से मदिरापान ना करने के लिए सख्त चेतावनी दी गई। शराब विक्रेताओं को पॉश मशीन का इस्तेमाल करने और ऑनलाइन पेमेंट लेने के लिए निर्देश दिए गए। दुकानों पर रखे रजिस्टर चेक किए गए।

जांच में लगभग सभी शराब की दुकान पर स्टॉक और रजिस्टर के हिसाब से सही मिला। निरीक्षकों द्वारा बार कोड से शराब की बोतल की गुणवत्ता चेक की गई। निरीक्षण के समय कोई अनियमितता नहीं पाई गई। निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट, बार, ढाबा एवं शराब दुकानों के संचालकों को नियमानुसार बिक्री करने के निर्देश दिए। बैंक्वेट हॉल एंव रेस्टोरेंट के संचालकों को आबकारी विभाग द्वारा प्रदान किए जाने वाले ऑकेजनल बार लाइसेंस के बारे में जानकारी भी दी गई। बिना लाइसेंस शराब परोसने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई।