गाजियाबाद। जनपद में 70 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाए। इसके साथ ही चिकित्सालयों में रिजेक्ट केस भी जल्द निवारण करना होगा। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह के निर्देशन में एडीएम सिटी गंभीर सिंह ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक की। बैठक में आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारी डॉ.राजेश तेवतिया, डीआईयू टीम से अजय रावल,सोनू, आईएसए डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर एवं चिकित्सालय के प्रबंधक आदि उपस्थित रहे। बैठक में एडीएम सिटी गंभीर सिंह ने चिकित्सालय प्रबंधकों एवं चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देशित किया कि योजना के लाभार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दें।
प्रत्येक लाभार्थी का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएं। इसके साथ ही सभी चिकित्सालय प्रबंधक अपने-अपने चिकित्सालय परिसर में आयुष्मान भारत कार्ड बनाने की व्यवस्था करें,जिससे लाभार्थी अस्वस्थ व्यक्ति को प्रत्येक प्रकार से उपचार प्रदान किया जा सके और योजना के संबंध में सकारात्मक छवि बने। चिकित्सालय प्रबंधकों ने आश्वस्त किया कि वह योजना के प्रचार-प्रसार एवं लाभार्थियों के कार्ड बनाने और उपचार देने में पूर्ण सहयोग करेंगे एवं आगे भी इस प्रकार का सहयोग प्रदान किया जाता रहेगा। शिकायत निवारण समिति के अध्यक्ष ने कहा कि चिकित्सालयों द्वारा किए गए उपचार के सापेक्ष भुगतान किए जाने का कार्य एवं उनकी शिकायतों को दूर करने के लिए आईएसए एवं एसएचए टीम त्वरित कार्रवाई से कार्य करें,ताकि इससे चिकित्सालयों की रुचि भी बनी रहे एवं योजना के लाभार्थियों को समान रूप से लाभ प्राप्त होता रहे।
















