-नगर आयुक्त ने पार्षदों ने की मुलाकात, विकास कार्यों के साथ टैक्स कलेक्शन को लेकर दिए सुझाव
गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक से शुक्रवार को पार्षदों ने शहर के विकास कार्यों को लेकर मुलाकात की। जिसमें टैक्स वसूली की कार्यवाही को बढ़ाने के लिए भी चर्चा की गई। टैक्स कलेक्शन को बढ़ाने के लिए सभी पार्षदों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्र में कैंप लगाने और जन-जन को जागरूक करने के लिए अपने कदम आगे बढ़ाने को लेकर विषय रखा गया। पार्षद अजय शर्मा, पार्षद धीरेंद्र यादव, पार्षद जोगिंदर कुमार, पार्षद रामनिवास बंसल, पार्षद मनोज पाल व अन्य द्वारा हाउस टैक्स वसूली को रफ्तार देने के लिए कार्य योजना अधिकारियों के साथ बनाई गई।
नगर आयुक्त द्वारा उपस्थित पार्षदों के साथ वार्ता करते हुए टैक्स कलेक्शन शहर के विकास का आधार है चर्चा की गई। जिसमें आगामी स्थिति मजबूत हो, टैक्स कलेक्शन को बढ़ाने के लिए क्षेत्रीय पार्षदों का सहयोग की अपील की गई। पार्षदों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं के बारे में भी नगर आयुक्त से चर्चा की गई। संबंधित सभी अधिकारियों को मौके पर स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिए। पार्षद नरेश जाटव, पार्षद भारत गौतम, वार्ड संख्या 45 से विजेंद्र चौहान, वार्ड संख्या 83 से प्रवीण भाटी द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर नगर आयुक्त से संबंधित अधिकारियों से मुलाकात की गई।
जिसमें पार्कों के साथ-साथ पेयजल समस्याओं को नगर आयुक्त के समक्ष रखा गया। जिनमें से तत्काल कार्य होने वाले विषयों पर कार्यवाही कराई गई और अन्य मांग को योजनाओं के माध्यम से जनहित में पूरा करने के लिए आश्वासन दिया गया। इसके अलावा नगर आयुक्त द्वारा स्वास्थ्य विभाग और उद्यान विभाग टीम को पार्षदों के प्राप्त पत्रों पर तत्काल प्रभाव से कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

















