सर्द रातों में ठंड से राहत दिला रहा नगर निगम का रैन बसेरा

-नगर आयुक्त ने किया अस्थाई रैन बसेरों का औचक निरीक्षण,, जरूरतमंदों को किया कंबल वितरित
-रैन बसेरों में लोगों को नहीं होनी चाहिए किसी भी प्रकार की परेशानी, अधिकारियों को दिए निर्देश

गाजियाबाद। शहर में कोई भी व्यक्ति खुले में नहीं सोना चाहिए। किसी भी दशा में कोई भी व्यक्ति खुले आसमान में न सोये। रैन बसेरों में ठंड से बचने के पर्याप्त संसाधन रखें जाएं। यहां अलाव सहित, रात में रुकने और ठंड से बचने के लिए कंबल सहित पीने के पानी व शौचालय की भी व्यवस्था पुख्ता होनी चाहिए। आने वाले लोगों को प्रतिदिन एंट्री करनी होगी। यह बातें शनिवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने रैन बसेरों का औचक निरीक्षण के दौरान कहीं। उन्होंने कहा हर जरूरतमंद को रैन बसेरों में अच्छी सुविधा दी जाए। इसे प्राथमिकता पर लेते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी रैन बसेरों में पर्याप्त संख्या में बिस्तर व कंबल का इंतजाम हो। साफ-सफाई का भी पूरा ध्यान रखा जाए। साथ ही यदि किसी के पास भोजन की व्यवस्था नहीं है तो उसे भोजन भी उपलब्ध कराया जाए। एकाएक बढ़ती ठंड को देखते हुए नगर आयुक्त खुद प्रतिदिन दिन-रात रैन बसेरों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे है।

साथ ही जरूरतमंदों को नगर आयुक्त द्वारा मौके पर कंबल वितरण भी किए गए। ठंड के बढ़ते कदम देखते हुए भ्रमण के दौरान नगर आयुक्त द्वारा अस्थाई रेन बसेरा में हीटर की संख्या बढ़ाने के लिए नजारत प्रभारी डॉक्टर अनुज कुमार सिंह को निर्देशित किया। मौके पर मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी व अन्य टीम उपस्थित रही। नगर आयुक्त ने बताया नगर निगम द्वारा स्थाई रेन बसेरा के अलावा आवश्यकता को देखते हुए अस्थाई आश्रय स्थल भी बनाए गए हैं। जिनकी संख्या पहले 6 थी, जो कौशांबी बस अड्डा, पैसिफिक मॉल कौशांबी, रोडवेज बस अड्डा मोहन नगर, रेलवे स्टेशन साहिबाबाद, डबल टंकी मिर्जापुर, हापुड़ रोड, फ्लाईओवर के नीचे स्थापित है। मगर बढ़ती ठंड को देखते हुए और आवश्यकता को देखते हुए 1 अस्थाई रैन बसेरा रेलवे स्टेशन गाजियाबाद पर भी बनाया गया है।

वर्तमान में 7 अस्थाई रैन बसेरे बने हुए हैं। सभी रेन बसेरों में हीटर की व्यवस्था है। बाहर अलाव की व्यवस्था भी प्रतिदिन कराई जा रही है। जिसका लाभ निराश्रितों को मिल रहा है। नगर आयुक्त द्वारा निरीक्षण के क्रम में रेलवे स्टेशन गाजियाबाद और रोडवेज बस अड्डा मोहन नगर के बाहर बने अस्थाई रैन बसेरे का जायजा लिया गया। ठंड को देखते हुए हीटर की संख्या एक से बढ़कर दो करने के लिए भी निर्देशित किया। सभी अस्थाई रैन बसेरे के बाहर, सुरक्षा की दृष्टि से गार्ड भी है, पानी आपूर्ति के लिए पानी के टैंकर, मोबाइल टॉयलेट भी लगाए गए हैं। भ्रमण के दौरान रेलवे स्टेशन गाजियाबाद, बस अड्डा गाजियाबाद व अन्य सार्वजनिक स्थलों का जायजा रात्रि में नगर आयुक्त द्वारा लिया गया। जरूरतमंदों को मौके पर कंबल भी वितरित किए गए।