-अवैध कॉलोनियों में भूखंडों का क्रय-विक्रय न करने की जीडीए ने की अपील
उदय भूमि
गाजियाबाद। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों को लेकर सख्ती एवं ध्वस्त करने के आदेश के क्रम में अब लगातार जीडीए प्रवर्तन टीम कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम मेंं गुरूवार को मोरटा में अवैध मकान और भोवापुर गांव में काटी जा रही अनाधिकृत कॉलोनी को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन दस्ते की टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। जीडीए प्रवर्तन जोन-1 के प्रभारी अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार के नेतृत्व में सहायक अभियंता पीयूष सिंह,अवर अभियंता अनिल सिंह,अवर अभियंता पीसी शर्मा, अवर अभियंता महेंद्र कुमार और जीडीए पुलिस और मुराद नगर थाना पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। ग्राम मोरटा में राजीव त्यागी ने 300 वर्गमीटर में अवैध रूप से मकान बना लिया।
जीडीए टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध मकान को ध्वस्त कर दिया। वहीं,गांव भोवापुर में चौधरी उत्तम 4500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अनाधिकृत कॉलोनी काट रहा है। इसमें बुलडोजर चलाकर अवैध कॉलोनी में भूखंडों की बाउंड्रीवाल, सड़क, विद्युत पोल आदि को ध्वस्त कर दिया गया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ता व कॉलोनाइजर ने जमकर हंगामा किया। मगर पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। मौके पर जीडीए की ओर से नागरिकों से अपील की गई कि वह अवैध कॉलोनियों में भूखंडों का क्रय-विक्रय न करें। यह गैरकानूनी है, भविष्य में गंभीर आर्थिक और कानूनी समस्याओं का कारण भी बन सकता है।
















