-पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर पुलिस नहीं लगने दे रही सड़कों पर पैंठ बाजार
उदय भूमि
गाजियाबाद। शहर में सड़कों पर लगने वाले साप्ताहिक बाजारों को पुलिस अब नहीं लगने दे रही है। पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्रा ने सड़कों पर लगने वाले साप्ताहिक पैंठ बाजार को बंद कराने के लिए पुलिस को सख्त निर्देश दिए है। इसी क्रम में शहर में अब सड़कों पर पैंठ बाजार नहीं लग रहे है। इसके चलते महापौर सुनीता दयाल ने बयान जारी करते हुए कहा कि नगर निगम शहर में लगने वाले साप्ताहिक बाजारों के लिए पॉलिसी बनाएगा। बाजार में ठेली-पटरी लगाने वाले लोगों के रोजगार प्रभावित नहीं होंगे। महापौर ने कहा कि नगर निगम का पुलिस सहयोग करेगी। इसके साथ ही पैंठ बाजारों से दलाली भी खत्म होगी। दरअसल,शहर में 50 से ज्यादा स्थानों पर साप्ताहिक बाजार लगाए जाते हैं। महापौर का कहना है कि शहर के अधिकतम वार्डों में साप्ताहिक बाजार सड़कों पर लगाए जाते है, जिससे आने-जाने का रास्ता बंद हो जाता है और स्थानीय लोग बीमारी के दौरान भी अपने घर से अस्पताल नहीं जा पाते।
कई क्षेत्रों में यह बाजार लगने से लंबा जाम भी लग जाता हैं। इस व्यवस्था को सुचारू करने के लिए पुलिस कमिश्नर भी कार्य कर रहे है। नगर निगम भी अब पॉलिसी बनाकर पैंठ बाजारों को व्यवस्थित करेगा। जिससे स्थानीय लोगों की बड़ी समस्या का समाधान होगा। बाजार के लोगों का रोजगार भी प्रभावित नहीं होगा। इसके साथ ही बाजारों में हो रही दलाली पर भी अंकुश लगाने का कार्य नगर निगम करेगा। महापौर ने कहा कि नगर निगम जल्द ही शहर के पैंठ बाजारों और साप्ताहिक बाजार के लिए पॉलिसी बनाने पर कार्य कर रहा है। महापौर इसमें अहम भूमिका निभा रही है। महापौर ने इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों के साथ वार्ता भी की है।
जल्द ही इस पॉलिसी का कार्य पूर्ण किया जाएगा। महापौर ने कहा कि पैंठ बाजारों पर पॉलिसी बनेगी तो स्थानीय लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी। शहर में गंदगी नहीं फैलेगी,नगर निगम को आर्थिक आय भी होगी,सड़कें भी बाधित नहीं होगी। पैंठ बाजार में मजदूरी करने वालों से दलाली कर रहे लोगों की कमर तोड़ने का कार्य भी किया जाएगा। महापौर ने बताया कि नगर निगम द्वारा जल्द ही पैंठ बाजारों और साप्ताहिक बाजारों के लिए एक पॉलिसी बनाने पर कार्य किया जा रहा है। नगर आयुक्त सहित सभी अधिकारियों से भी इस संबंध में वार्ता हुई है। पॉलिसी बनाकर सड़क एवं शहर से अलग खाली भूमि पर बाजार लगाने पर कार्य किया जाएगा। सड़क पर बाजार लगने से जनता और पुलिस प्रशासन भी परेशान है। पुलिस कमिश्नर भी मुख्य सड़कों से बाजारों को बंद करने का प्रयास कर रहे हैं। नगर निगम इस पर पॉलिसी बनाकर कार्य करेगा और किसी का रोजगार भी प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
















