-हरियाणा की सस्ती शराब को रात के अंधेरे में महंगे दामों में बेचकर करते थे कमाई
उदय भूमि
गौतमबुद्ध नगर। जिले में चोरी छिपे अवैध रुप से शराब तस्करी करने वालों पर आबकारी विभाग का डंडा चलना शुरु हो गया है। यूपी कि शराब हो या फिर बाहरी राज्यों की शराब तस्करी, सभी पूरी तरह से रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की टीमें अपने रात्रि अभियान के तहत जिले में पूरी तरह शिद्दत के साथ ताबड़तोड़ दबिश और छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। जनपद को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करने के लिए आबकारी विभाग की टीम कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रही है। वहीं दुकानों पर होने वाली ओवर रेटिंग को रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीम गुप्त टेस्ट परचेजिंग की कार्रवाई कर रही है। आबकारी विभाग की लगातार सख्ती होने के बाद विक्रेताओं के कार्यों में भी अब सुधार देखने को मिल रहा है। नहीं तो पूर्व में जिस तरह से शराब विक्रेता आबकारी विभाग की छवि को धूमिल करने का काम कर रहे थे, उससे विभाग की चिंता बढ़ गई थी। लेकिन शराब विक्रेताओं पर आबकारी अधिकारी ने अपनी नकेल कसते हुए पटरी पर ला दिया।
शराब विक्रेता कैसे शिकंजा कसा जा सकता है, यह आबकारी अधिकारी से बेहतर कोई समझ सकता है। किसी भी चीज पर अगर नियंत्रण करना है तो उसकी जड़ पर प्रहार करना जरुरी होता है। इसलिए आबकारी अधिकारी तस्कर हो या फिर ओवर रेटिंग के मामलों में लिप्त विक्रेता को सुधारने के लिए उनकी जड़ों पर ही प्रहार करते है। आबकारी अधिकारी की कार्रवाई के चलते एक बार फिर से जिले की हालत में सुधार देखने को मिल रहा है। इसी सुधार को बरकरार रखने के लिए आबकारी निरीक्षकों को भी सख्त निर्देश दिए गए है कि तस्करों पर कार्रवाई के साथ विक्रेताओं पर निगरानी करते रहे।
साथ ही अनुज्ञापियों को भी स्पष्ट रुप से चेतावनी दी गई है कि अगर शराब की दुकानों पर ओवर रेटिंग पाई गई तो जुर्माना तो वसूला ही जाएगा, साथ ही लाइसेंस भी निरस्त किया जा सकता है। इसलिए भलाई इसी में है कि खुद दुकानों की निगरानी करना शुरु कर दें। आबकारी अधिकारी की चेतावनी के बाद से अब अनुज्ञापी भी खुद दुकानों पर मौजूद रहते है और विक्रेताओं के हरेक कार्यों पर अपनी नजर रखते है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने रात्रि अभियान के तहत दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्कर बाहरी राज्यों की शराब क्षेत्र में तस्करी कर रहे थे। जिनके कब्जे से हरियाणा मार्का शराब बरामद किया गया।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जनपद में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की टीम द्वारा लगातार कार्रवाई और छापेमारी की जा रही है। साथ ही बाहरी राज्यों की शराब तस्करी रोकने के लिए भी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। रविवार रात को आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय की टीम द्वारा थाना बादलपुर पुलिस के साथ विभिन्न स्थानों पर दबिश और छापेमारी की कार्रवाई की गई। थाना बादलपुर स्थित दुरयाई रोड से चेकिंग के दौरान शराब तस्करी कर रहे दुर्गा पुत्र हरिलाल निवासी दीपक विहार खोड़ा को गिरफ्तार किया गया। जिसके पास से 42 पौवे 20-20 मेट्रो लिकर अवैध देशी शराब हरियाणा मार्का बरामद किया गया।
वहीं बादलपुर स्थित अंबेडकर पार्क के पास शराब तस्करी करते हुए मनोज पुत्र ब्रह्म सिंह निवासी दुजाना को भी गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से 55 पौवे 20-20 मेट्रो लिकर अवैध देशी शराब हरियाणा मार्का बरामद किया गया। पकड़े गए तस्कर बाहरी राज्यों की सस्ती शराब को महंगे दामों में बेच रहे थे। जिनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। इसके अलावा टीम द्वारा लाइसेंसी शराब की दुकानों का भी निरीक्षण करते हुए गुप्त टेस्ट परचेजिंग कराया गया। विक्रेताओं को नियमानुसार शराब बिक्री करने और पॉश मशीन स्कैन व ऑनलाइन पेमेंट लेने के निर्देश दिए। जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

















