उदय भूमि
गाजियाबाद। जीडीए से संबंधित लोगों की शिकायतों का फर्जी निस्तारण नहीं हो सकेगा। आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण की योजना बनाई है, जिसके तहत उच्चाधिकारी शिकायतकर्ता को फोन कर जानकारी भी लेंगे। जीडीए में हर महीने 150 से अधिक आईजीआरएस पर शिकायत आती है। इन शिकायतों का सभी अनुभाग निस्तारण भी करते हैं।
जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह का कहना है कि लगातार शिकायत मिल रही है कि शिकायतों का निस्तारण सिर्फ पोर्टल पर हो रहा है। जीडीए सचिव ने सभी अनुभागों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जीडीए में आने वाली शिकायतों का सही से निस्तारण किया जाए। साथ ही निस्तारण करने के बाद अवर अभियंता मौके का फोटो भी पोर्टल पर अपलोड करें।
शिकायत का निस्तारण होने के बाद सहायक अभियंता या उच्चाधिकारी शिकायतकर्ता को फोन कर इसकी जानकारी लें। ताकि यह पता चल सके कि पोर्टल पर जो शिकायत का निस्तारण किया गया है। वह सही है या नहीं। साथ ही अगर कोई तकनीकी समस्या के कारण शिकायत का निस्तारण नहीं हो सकता है तो उसके बारे में भी शिकायतकर्ता को जानकारी दी जाए।
















