अवैध निर्माण पर जीडीए की सख्ती, लोनी में चला बुलडोजर

-लोनी में अवैध कॉलोनी में 40 भूखंडों की बाउंड्रीवाल, कमरे किए ध्वस्त

उदय भूमि
गाजियाबाद। अवैध तरीके से विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का बुलडोजर तेजी से चल रहा है। जिसमें अवैध निर्माण को ध्वस्त करते हुए खंडजे को खंडज़े से निर्मित की जा रही सड़कों को उखाड़ दिया गया। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) उपाध्यक्ष अतुल वत्स अवैध निर्माण को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाए हुए हैं। उन्होंने सभी जोन प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध निर्माण पर कार्रवाई करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर किसी जोन में लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारी पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्राधिकरण ने आमजन से भी अपील की है कि वे किसी भी अवैध कॉलोनी में संपत्ति की खरीद-फरोख्त न करें। अधिकारियों का कहना है कि बिना स्वीकृति के किए गए निर्माण पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध रूप से विकसित कॉलोनियों के खिलाफ भी कड़े कदम उठाए जाएंगे। गुरुवार को जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर जीडीए प्रवर्तन जोन-8 की प्रभारी एवं ओएसडी के नेतृत्व में सहायक अभियंता प्रमोद कुमार शर्मा एवं अवर अभियंता अखिलेश कुमार, अवर अभियंता पवन कुमार ने जीडी पुलिस और लोनी थाना पुलिस की मौजूदगी में गढ़ी जस्सी लोनी स्थित शैलेंद्र पुत्र बाबूराम द्वारा विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में खंडज़े की सड़क, भूखंडो की बांउड्रीवाल को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।

वहीं ग्राम अगरौला लोनी के खसरा संख्या 287, 267, 353 में आलम, अभिलाषा द्वारा पूर्व निर्मित अवैध कॉलोनी में लगभग 40 भूखंडो की बाउंड्रीवाल, कमरे, साइट ऑफिस आदि को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। जीडीए की इस कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया। मगर पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। इसके साथ ही निर्देश दिए कि किसी भी निर्माणकर्ता एवं कॉलोनाइजर द्वारा अनाधिकृत कॉलोनी विकसित की जा रही है तो उन अवैध कॉलोनी को ध्वस्त करने के साथ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।