जीडीए ने हिंडन नदी डूब क्षेत्र में अवैध कॉलोनी को किया ध्वस्त, अवैध मकान सील

उदय भूमि
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन टीम लगातार अनाधिकृत रूप से काटी जा रही अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई कर रही है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की सख्ती के चलते अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माण ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-4 के प्रभारी अधिशासी अभियंता योगेश पटेल के नेतृत्व में सहायक अभियंता अनुज कुमार व सहायक अभियंता विनय कुमार,अवर अभियंता योगेश वर्मा, अवर अभियंता गिरजा शंकर मल्ल ने जीडीए पुलिस की मौजूदगी में हिंडन नदी डूब क्षेत्र में अनाधिकृत कॉलोनी में भूखंडों की बाउंड्रीवाल,भवन व साईट ऑफिस को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।

इसके अलावा जीडीए प्रवर्तन टीम ने भवन संख्या-डी-283ए प्रताप विहार, सेक्टर-11 में अनुराग सिसोदिया एवं सी-29 एस में अशोक पाल द्वारा किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। इसके अलावा भवन संख्या एम-118,सेक्टर-12, प्रताप विहार में ताराचंद सारस्वत द्वारा किए गए अवैध निर्माण को सील किया गया। वहीं,दुकान संख्या-7/51 एफ  ब्लॉक सेक्टर-11,प्रताप विहार में मार्केट के समीप शौचालय के लिए नियोजित भूमि की तरफ अवैध रूप से खोले गए शटर को सील किया गया।

इसके साथ ही जीडीए की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को कब्जामुक्त कराया गया। इसके अलावा सिद्धार्थ विहार और हिंडन नदी के नजदीक डूब क्षेत्र में अवैध रूप से काटी जा रही अनाधिकृत कॉलोनियों में भूखंडों की बाउंड्रीवाल,अस्थाई भवन एवं साइट ऑफिस को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। मौके पर आमजन को सूचित किया कि बिना मानचित्र स्वीकृति के विकसित अवैध कॉलोनियों में भूखंड न खरीदें। ऐसी कॉलोनियों में भवन निर्माण मानचित्र स्वीकृत नहीं होते हैं। बिना मानचित्र स्वीकृति के भवनों को सील या ध्वस्त किया जा सकता हैं।