जीडीए की कोर्ट संबंधी फाइलों का डिजिटल अपलोड कार्य तेजी से जारी

उदय भूमि
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा विभिन्न कोर्ट से संबंधित फाइलों को डिजिटल अपलोडिंग कराने का कार्य अब तेजी से कराया जा रहा है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के अथक प्रयास के बाद जहां जीडीए के विधि अनुभाग में विभिन्न कोर्ट में लंबित केस की फाइलों को अपडेट कराने के बाद उन्हें कंप्यूटर पर दर्ज कराया है। वहीं,कोर्ट में लंबित केस के मामले में प्रभावी पैरवी को लेकर भी तारीख से पहले ही सभी केस को अपडेट किया जा रहा है। इसी क्रम में जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर जीडीए से संबंधित विभिन्न कोर्ट में विचाराधीन वादों की पत्रावलियों को आईएएसपी सॉफ्टवेयर पर अपलोड कराने का कार्य अब तेजी से कराया जा रहा हैं।

जीडीए के विधि अनुभाग द्वारा अब तक हाईकोर्ट और सुप्रीमकोर्ट में विचाराधीन लगभग 1300 से अधिक पत्रावलियों को सॉफ्टवेयर पर अपलोड कराया जा चुका हैं। जीडीए उपाध्यक्ष ने उक्त कार्यों को और अधिक प्रभावी व सुचारु रूप से संपन्न करने के उद्देश्य से विधि अनुभाग में विशेष रूप से कंप्यूटर सिस्टम,स्कैनर और प्रशिक्षित ऑपरेटर को तैनात किया है। इसके अलावा जीडीए उपाध्यक्ष ने विधि अनुभाग की समीक्षा बैठक के दौरान समस्त अनुभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन वादों की पैरवी के लिए विशेष रूप से सक्रिय रहें।

जीडीए उपाध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अनुभागीय अधिकारी निर्धारित तारीख से पूर्व संबंधित पत्रावलियों का गहन अध्ययन कर अधिवक्ताओं से विचार-विमर्श अवश्य करें,ताकि कोर्ट के मामलों में जीडीए की सुदृढ़ पैरवी सुनिश्चित की जा सकें। जीडीए उपाध्यक्ष के इस प्रयास के बाद इस दिशा में अब निरंतर प्रगति कर रहा है।जिससे कोर्ट की प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति सुनिश्चित हो सकें।