-अवैध शराब के खिलाफ हाईवे पर बढ़ी सख्ती, तस्करों और ओवर रेटिंग करने वालों पर कसा शिकंजा
-अवैध शराब पर वार, हाईवे पर 24 घंटे आबकारी विभाग की टीम तैयार
उदय भूमि
लखनऊ। लखनऊ जनपद को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करने के लिए आबकारी विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी मुहिम छेड़ दी है। विभाग की लगातार छापेमारी और हाईवे पर चौकसी ने शराब माफियाओं की कमर तोड़ दी है। परिणामस्वरूप, कई शराब तस्कर शहर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं, तो कुछ ने इस गैरकानूनी धंधे से तौबा कर ली है। आबकारी विभाग की दिन-रात निगरानी, गहन वाहन चेकिंग और ताबड़तोड़ छापेमारी के चलते अब लखनऊ में पहले की तरह अवैध शराब की खेप बरामद नहीं हो रही है। विभाग ने इस अभियान को होली से पहले और भी सख्त कर दिया है, जिससे शराब माफिया के मंसूबों पर पानी फिर रहा है।शराब तस्करों को पकडऩे के लिए लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे और अन्य प्रमुख मार्गों पर 24 घंटे चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
• लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पर चेकिंग: हरियाणा, पंजाब और दिल्ली से आने वाले संदिग्ध वाहनों की गहन जांच।
• बिहार के रास्ते तस्करी पर सख्ती: आबकारी विभाग की टीमों को तीन शिफ्टों में तैनात किया गया है, ताकि शराब की अवैध खेप शहर में प्रवेश न कर सके।
• वाहनों के चैंबर तक की तलाशी: कंटेनर, ट्रक और चार पहिया वाहनों की डिक्की और सीक्रेट चैंबर की भी जांच की जा रही है।
अवैध शराब की बिक्री पर कड़ा एक्शन, दुकानों पर छापेमारी
शराब दुकानों पर आकस्मिक निरीक्षण किया गया, जिसमें बिजनौर ग्राम, अशरफ नगर, रसूलपुर, नटकुर, फरीदीपुर, बालागंज मॉडल शॉप समेत कई स्थानों की देशी-विदेशी शराब की दुकानों की जांच की गई।
-फास्ट फूड स्टॉल और पब्लिक प्लेस पर शराब सेवन पर भी सख्ती बढ़ाई गई।
-ओवर रेटिंग पर कड़ा एक्शन: शराब दुकानों के बाहर जरूरी सूचनाएं लगाने, ऑनलाइन पेमेंट और पॉश मशीन से बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
-दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई कि अगर शराब पर निर्धारित मूल्य से अधिक दाम वसूले गए, तो लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।
बार और रेस्टोरेंट्स पर भी शिकंजा, बिना लाइसेंस शराब पार्टी पर रोक
-विभूतिखंड स्थित समिट बिल्डिंग और रोहतास प्रेसिडेंशियल स्थित बार का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
-बार संचालकों को सख्त हिदायत दी गई कि बिना लाइसेंस शराब पार्टी का आयोजन नहीं होगा।
-बाहरी राज्यों की शराब पर विशेष नजर: अगर किसी बार में अन्य राज्यों की शराब मिली तो लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।
सार्वजनिक स्थानों पर शराब और धूम्रपान पर भी कार्रवाई
-क्लब, बार और रेस्टोरेंट में ‘नो स्मोकिंग जोन में धूम्रपान पर रोक लगाई गई।
-बार संचालकों को चेतावनी दी गई कि यदि उनके परिसर में धूम्रपान हुआ तो ग्राहक के साथ-साथ बार संचालक पर भी कार्रवाई होगी।

जिला आबकारी अधिकारी
जिला आबकारी अधिकारी करुणेन्द्र सिंह का कहना है कि हमारा मकसद सिर्फ छापेमारी नहीं, बल्कि अवैध शराब के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है। त्योहार खत्म होने के बावजूद, हमारी टीमें दिन-रात कार्रवाई कर रही हैं। हम लखनऊ को अवैध शराब मुक्त बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन महिलाओं की सुरक्षा पर प्रभाव डालता है, इसलिए इस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को आबकारी निरीक्षक राहुल सिंह, रिचा सिंह, शिखर, विजय शुक्ला, विवेक सिंह, रजनीश प्रताप सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, कृति प्रकाश पाण्डेय, अभिषेक सिंह, विजय राठी, अरविंद बघेल, कौशलेन्द्र रावत, प्रदीप शुक्ला, लक्ष्मी शंकर वाजपेयी, अखिलेश कुमार, अखिलेश कुमार गुप्ता समेत अन्य अधिकारियों की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। बाहरी राज्यों की शराब तस्करी रोकने के लिए टीमों को लगातार निरीक्षण और बाहरी राज्यों से आने-जाने वाले सभी वाहनों की गहनता से चेकिंग करने के निर्देश दिए गए है। आबकारी विभाग का यह अभियान लखनऊ को शराब माफियाओं से मुक्त करने के लिए पूरी मजबूती से जारी रहेगा। तस्करों पर सख्ती, हाईवे पर चौकसी और लगातार छापेमारी से यह तय है कि लखनऊ में अब अवैध शराब कारोबारियों की खैर नहीं। जो भी नियमों को तोड़ेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
निगरानी और कार्रवाई का असर
•शराब माफिया पलायन करने को मजबूर
• अवैध शराब की बरामदगी में भारी कमी
• लखनऊ में अवैध शराब का नेटवर्क ध्वस्त
• शराब की ओवर रेटिंग पर पूर्ण प्रतिबंध

















