काईट कॉलेज के सामने 13 बीघा में अवैध कॉलोनी ध्वस्त, बुलडोजर से गिराए गए निर्माण और सड़क

-जीडीए की सख्ती से अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप, पुलिस की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
-मार्च में और बढ़ेगा बुलडोजर का कहर, जीडीए ने दी सख्त चेतावनी’

उदय भूमि
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने मुरादनगर क्षेत्र में काईट कॉलेज के सामने 13 बीघा में अवैध रूप से काटी जा रही कॉलोनी पर कड़ा एक्शन लेते हुए बुलडोजर चलाकर निर्माण और सड़क को ध्वस्त कर दिया। त्रष्ठ्र उपाध्यक्ष अतुल वत्स की सख्ती के चलते अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माणों पर लगातार कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने पुलिस बल के साथ इस कार्रवाई को अंजाम दिया, जिससे अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया। शुक्रवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी एवं अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में सहायक अभियंता पीयूष सिंह, अवर अभियंता सुनील कुमार व जीडीए पुलिस और मुरादनगर थाना पुलिस की मौजूदगी में मुरादनगर क्षेत्र के असालतनगर नगर कालोनी में खसरा संख्या-25 में अवैध रूप से नितिन त्यागी पुत्र रामकरन त्यागी व अनिल डबास द्वारा काईट कॉलेज के सामने, शिवम विहार के पीछे,शिवम विहार थर्ड मुरादनगर में लगभग 13 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से अनाधिकृत कॉलोनी में प्लाटिंग की जा रही थी। जीडीए टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध कॉलोनी की सड़क, भूखंडों की बाउंड्रीवाल और साईट ऑफिस को ध्वस्त कर दिया। जीडीए अधिकारियों ने सख्त निर्देश दिए कि बिना नक्शा स्वीकृत कराए कोई भी अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

• 13 बीघा में हो रही थी अवैध प्लाटिंग: शिवम विहार के पीछे शिवम विहार थर्ड, मुरादनगर क्षेत्र में नितिन त्यागी और अनिल डबास द्वारा अवैध रूप से प्लॉटिंग की जा रही थी।
• बुलडोजर से तोड़ी गई सड़क और निर्माण: जीडीए टीम ने अवैध कॉलोनी की सड़कों, बाउंड्रीवाल और साइट ऑफिस को ध्वस्त कर दिया।
• विरोध के बावजूद चला एक्शन: ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान कालोनाइजर और निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया, लेकिन पुलिस बल ने उन्हें खदेड़ दिया।
• जीडीए का सख्त निर्देश: बिना स्वीकृत नक्शे के किए गए निर्माण को पूरी तरह से ध्वस्त किया जाएगा।

• मार्च महीने में भी ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई जारी रहेगी।
• अवैध कॉलोनियों में भूखंड या भवन खरीदने वालों को सतर्क किया गया।
• किसी भी भूखंड, भवन का क्रय-विक्रय पूरी तरह से अवैध है।
जीडीए की इस सख्ती से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है, और गाजियाबाद में अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ बुलडोजर का कहर जारी रहेगा।

बिना नक्शा स्वीकृत कराए संचालित होटलों की बनेगी सूची
जीडीए से नक्शा स्वीकृत कराए बिना जनपद में चल रहे होटलों की सूची बनेगी। इस सूची को जल्द तैयार कर शासन को भेजा जाएगा। इसके साथ ही इन होटलों को नोटिस देकर नक्शा भी स्वीकृत कराया जाएगा। जिले में छोटे-बड़े करीब 190 होटल संचालित हैं। इनमें ज्यादातर नियमों के विपरीत चल रहे हैं। कोई भी बड़ी घटना होने पर इनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं। लेकिन जीडीए की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है। शासन ने अब एक बार फिर नियमों के विरूद्ध चल रहे होटलों के खिलाफ सख्ती दिखाई तो जीडीए एक बार फिर से कवायद में जुट गया है। जीडीए के सभी आठ जोन क्षेत्र में संचालित होटलों की सूची खंगाली जा रही है। इनमें चेक किया जा रहा है कि कौन-कौन से होटल बिना नक्शा पास कराए व बिना कंपलीशन सर्टिफिकेट लिए हुए चल रहे हैं। जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह का कहना है नियम विरूद्ध चल रहे होटलों के खिलाफ शासन के निर्देशों के क्रम में अगली कार्रवाई की जाएगी।