महाशिवरात्रि पर गाजियाबाद में सफाई व्यवस्था रही चाक-चौबंद, नगर निगम ने संभाली कमान

• 1022 सफाई मित्रों ने 24 घंटे संभाला मोर्चा, नगर आयुक्त ने किया स्वास्थ्य विभाग की सराहना

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। महाशिवरात्रि पर्व पर जहां शहर के मंदिरों में “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे, वहीं नगर निगम के अधिकारी और सफाई मित्र 24 घंटे सफाई अभियान में जुटे रहे। शहर के प्रमुख मंदिरों पर नगर निगम के 1022 सफाई मित्रों ने सफाई व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी संभाली। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार स्वयं सफाई कर्मचारियों के साथ मैदान में डटे रहे और हर गतिविधि की निगरानी की। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने इस शानदार व्यवस्था के लिए स्वास्थ्य विभाग की विशेष सराहना की।

महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर के प्राचीन दूधेश्वरनाथ मठ मंदिर, शिव शक्ति धाम, गुप्तेश्वर महादेव मंदिर, गौरी शंकर मंदिर सहित अन्य शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। नगर निगम ने सफाई व्यवस्था से लेकर जल निकासी, कूड़ा उठान और प्रकाश व्यवस्था तक विशेष इंतजाम किए। नगर निगम के सफाई कर्मियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की सफाई को प्राथमिकता देते हुए लगातार कूड़ा उठान किया और डस्टबिन को समय-समय पर खाली कराया। मंदिरों से निकलने वाली पूजन सामग्री को भी विशेष गाडिय़ों के माध्यम से तुरंत उठवाया गया, जिससे कोई अव्यवस्था न हो।

नगर निगम द्वारा किए गए प्रमुख इंतजाम:
1022 सफाई मित्रों की तैनाती
300 से अधिक डस्टबिन लगाए गए
कूड़ा उठाने के लिए विशेष गाडिय़ों की व्यवस्था
मंदिर परिसरों में सफाई मित्रों की टीम सक्रिय
प्रकाश व्यवस्था के लिए अलग से जनरेटर की व्यवस्था

नगर आयुक्त ने अधिकारियों की ड्यूटी लगाई, सफाई अभियान रहा सफल
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में जलाभिषेक और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए नगर निगम अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई। सभी प्रमुख मंदिरों पर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए जोनल प्रभारी और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को तैनात किया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिले, यह सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम की पूरी टीम दिन-रात जुटी रही। पूरे गाजियाबाद में 24 घंटे सफाई व्यवस्था बनाए रखी गई। स्वास्थ्य विभाग और सफाई कर्मियों के बेहतरीन प्रयासों के लिए मैं पूरी टीम को धन्यवाद देता हूं।

श्रद्धालुओं और मंदिर प्रबंधन ने की नगर निगम की सराहना
शहर भर के मंदिरों के पुजारियों और श्रद्धालुओं ने नगर निगम के स्वच्छता अभियान की प्रशंसा की। मंदिरों के बाहर सफाई व्यवस्था देखकर लोगों ने भी स्वेच्छा से सहयोग किया। दूधेश्वरनाथ मंदिर के महंत और प्रबंधन समिति ने भी नगर निगम की इस पहल की सराहना की। स्वच्छता अभियान को लेकर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताय कि नगर आयुक्त के निर्देश पर महाशिवरात्रि पर्व पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। शहर के प्रमुख मंदिरों पर सफाई मित्रों को तैनात किया गया, जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा। नगर निगम का यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा।

महाशिवरात्रि पर स्वच्छता का संदेश
महाशिवरात्रि पर्व पर नगर निगम द्वारा किए गए सफाई इंतजामों ने एक नई मिसाल पेश की। यह न केवल धार्मिक आयोजनों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि स्वच्छ गाजियाबाद, सुंदर गाजियाबाद की ओर भी एक महत्वपूर्ण पहल है।