केंद्रीय बजट विकसित भारत की दिशा तय करेगा:नरेंद्र कश्यप

• आईटीएस कॉलेज में संगोष्ठी आयोजित, भाजपा पदाधिकारियों और आमजन ने बजट की सराहना की

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट देश को विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ाने वाला बजट है। इसे जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को मोहननगर स्थित आईटीएस कॉलेज और राकेश मार्ग पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इस मौके पर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि 50 लाख 65 हजार करोड़ रुपये का यह केंद्रीय बजट देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा और ‘विकसित भारत 2047Ó के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि बजट 2025-26 में हर नागरिक का ध्यान रखा गया है। यह बजट बुनियादी ढांचे, आर्थिक मजबूती और समावेशी विकास को बढ़ावा देने वाला है। उन्होंने कहा कि बिना गारंटी वाले ऋण की सीमा 20 लाख रुपये कर दी गई है, जिससे छोटे कारोबारियों, महिलाओं, दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों को सीधा लाभ मिलेगा। भाजपा महानगर अध्यक्ष एवं शहर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि 12 लाख रुपये तक की आय पर टैक्स में छूट देकर मध्यम वर्ग को राहत दी गई है। इसके अलावा, महिलाओं, किसानों, गरीबों और युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए भी यह बजट अहम साबित होगा।

बजट को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा
संगोष्ठी में भाजपा पदाधिकारियों और आम जनता ने बजट की विशेषताओं पर चर्चा की। राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस बजट की महत्वपूर्ण बातें आमजन तक पहुंचाएं ताकि हर नागरिक इससे लाभान्वित हो सके।

संगोष्ठी में भाजपा नेताओं की भागीदारी
इस संगोष्ठी के संयोजक सुशील गौतम रहे, जबकि संचालन रनीता सिंह ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी, सरदार एसपी सिंह, बलदेव राज शर्मा, राजेश्वर प्रसाद, अमरदत्त शर्मा, गोपाल अग्रवाल, बॉबी त्यागी, ओबीसी मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी सौरभ जायसवाल, महानगर मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी, मंडल अध्यक्ष भूषण सिंह, महेश अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।