उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम के सभी पांचों जोन क्षेत्र में सड़कों पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम के जोनल प्रभारी एवं टीम अब अभियान चलाकर अतिक्रमण हटा रही है। बुधवार को नगर निगम के वसुंधरा जोन क्षेत्र के ब्रिज विहार,सिटी जोन में घंटाघर सब्जी मंडी और कविनगर जोन में डायमंड लाईओवर के पास से अतिक्रमण हटाया गया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक के निर्देशन में शहर में अब अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान जारी हैं। अतिक्रमण से अवरूद्व सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा हैं। संभव कार्यक्रम और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायत का भी निस्तारण किया गाय। शहर में सभी पांचों जोन क्षेत्र अंतर्गत अवैध अतिक्रमण हटाते हुए मार्गों को खाली करने की कार्रवाई की गई।
वसुधरा जोन क्षेत्र में जोनल प्रभारी सुनील कुमार राय ने स्वास्थ्य विभाग तथा निर्माण विभाग व प्रवर्तन दल और पुलिस की टीम के साथ ब्रिज विहार क्षेत्र में रेलवे लाइन के बराबर में कई साल से अवैध अतिक्रमण कर डाली गई झुग्गी-झोपड़ी को जेसीबी मशीन से हटाने की कार्रवाई की गई। रेलवे लाइन से ब्रिज विहार तक अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान सभी जोनल प्रभारी मौके पर उपस्थित रहे। 5 जेसीबी मशीन के माध्यम से अवैध झुग्गियों को हटाया गया। सिटी जोनल प्रभारी महेंद्र ने टीम के साथ सिटी जोन क्षेत्र अंतर्गत घंटाघर सब्जी मंडी में अवैध अतिक्रमण हटाने को अभियान चलाया। व्यापारियों ने यहां पर विरोध किया। जिसमें दुकानों के बाहर अवैध रूप से सड़कों पर बने हुए स्थाई अतिक्रमण को हटाया गया। इस कार्रवाई के साथ मौके पर लगभग 71 हजार रुपए का जुर्माना भी वसूला गया। इसके अलावा कविनगर जोनल प्रभारी राजेश गुप्ता एवं टैक्स अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने टीम के साथ कवि नगर जोन क्षेत्र में डायमंड लाईओवर के नीचे पांडव नगर तक चार खोके को हटाते हुए अतिक्रमण हटाया गया।
नगर निगम द्वारा शहर की सुंदरता को बरकरार बनाए रखने के लिए तथा आवागमन को सरल बनाने के लिए अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही हैं। वहीं,मोहन नगर जोनल प्रभारी आरपी सिंह ने टीम के साथ क्षेत्र में 10 मार्च सीमापुरी बॉर्डर के आसपास अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए अनाउंसमेंट तथा अन्य कार्रवाई की जा रही हैं।
















