उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में जिला और महानगर अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। कुछ जिलों में पूर्व अध्यक्षों को दोहराया गया है, जबकि कई जिलों में नए चेहरे को मौका दिया गया है। इसी क्रम में गाजियाबाद महानगर में संजीव शर्मा के विधायक बनने के बाद मयंक गोयल को पार्टी हाई कमान ने महानगर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। मयंक गोयल को महानगर अध्यक्ष बनाए जाने पर गठबंधन के सहयोगी दलों ने भी खुशी जाहिर की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। रविवार को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा और राष्ट्रीय लोकदल की ओर से मयंक गोयल को गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान इंद्रजीत सिंह टीटू, राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (माइनॉरिटी) रविंद्र चौहान, प्रदेश महामंत्री संजीव अरोड़ा, प्रदेश संयोजक अखिल भारतीय उद्योग एवं व्यापार महासभा और व्यापार मंडल के महानगर पदाधिकारी दिनेश शर्मा मौजूद रहे। मयंक गोयल ने पार्टी हाई कमान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वे पूरी मेहनत से काम करेंगे। कार्यक्रम में भाजपा और सहयोगी दलों के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मयंक गोयल को बधाई दी और उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की उम्मीद जताई।
















