• तीन एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर से रोजाना 100 से अधिक श्वानों का होगा बधियाकरण
• नया एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर मार्च के अंत तक होगा तैयार
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम गाजियाबाद ने निराश्रित श्वानों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए बड़ा कदम उठाया है। शहर में निराश्रित श्वानों के बधियाकरण की प्रक्रिया को तेज करने के लिए नया एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर (एबीसी सेंटर) बनाया जा रहा है, जो मार्च माह के अंत तक पूरी तरह से तैयार हो जाएगा। इस सेंटर की क्षमता प्रति दिन 40 श्वानों के बधियाकरण की होगी, जिससे शहर में श्वानों की अनियंत्रित संख्या पर लगाम लगाई जा सकेगी। नगर निगम द्वारा कैला भट्टा स्थित नए बस अड्डे के पीछे बन रहे एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर का काम तेजी से चल रहा है। मार्च माह के अंत तक यह सेंटर तैयार हो जाएगा, जिससे शहरवासियों को राहत मिलेगी।
उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने कहा कि नगर निगम निराश्रित श्वानों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मार्च माह के अंत तक नया एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर तैयार हो जाएगा, जिससे प्रतिदिन 40 श्वानों का बधियाकरण किया जा सकेगा। सिद्धार्थ विहार में भी एक नया सेंटर बन रहा है, जिसकी क्षमता 50 श्वानों के ऑपरेशन की होगी। इससे श्वानों की अनियंत्रित संख्या पर प्रभावी नियंत्रण हो सकेगा। नगर निगम सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के तहत कार्य कर रहा है, जिसके अनुसार जहां से श्वानों को पकड़ा जाता है, उन्हें वहीं छोड़ा जाएगा। इस वर्ष बधियाकरण के लक्ष्य को दोगुना करने की तैयारी की जा रही है।
अब तक 36944 श्वानों का बधियाकरण
नगर निगम ने 2013 से अब तक 36944 श्वानों का बधियाकरण किया है, जबकि सर्वे के अनुसार शहर में 55,000 से 60,000 निराश्रित श्वान मौजूद हैं। 2024 में अब तक 6369 श्वानों का ऑपरेशन किया जा चुका है। इस वर्ष नगर निगम ने इस संख्या को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है।
सिद्धार्थ विहार में भी तैयार होगा बड़ा एबीसी सेंटर
नगर निगम सिद्धार्थ विहार में भी एक नया एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर तैयार कर रहा है, जिसकी क्षमता 50 श्वानों के प्रतिदिन बधियाकरण की होगी। यह सेंटर वर्ष 2025 तक पूरी तरह से तैयार हो जाएगा, जिससे श्वानों की संख्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा।
शहरवासियों को मिलेगी राहत
शहर में बढ़ती श्वानों की संख्या से होने वाली समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम की यह पहल बेहद कारगर साबित होगी। वार्ड-वार अभियान के माध्यम से श्वानों की संख्या पर नियंत्रण के साथ-साथ शहर में शांति और स्वच्छता का माहौल भी बनेगा। नगर निगम की यह कार्यवाही शहरवासियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। तीनों एबीसी सेंटर के सक्रिय होने के बाद गाजियाबाद में श्वानों की अनियंत्रित संख्या पर स्थायी समाधान मिल सकेगा।

नगर आयुक्त
नगर निगम तीनों एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर के माध्यम से सितंबर माह के अंत तक प्रतिदिन 100 से अधिक श्वानों के बधियाकरण का लक्ष्य लेकर चल रहा है। इसके लिए वार्ड स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिससे श्वानों की संख्या पर प्रभावी नियंत्रण हो सकेगा। नगर निगम निराश्रित श्वानों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए तेजी से कार्य कर रहा है। मार्च माह के अंत तक नया एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर तैयार हो जाएगा, जिससे शहरवासियों को राहत मिलेगी। वार्ड-वार अभियान के माध्यम से श्वानों की संख्या को नियंत्रित किया जाएगा, जिससे शहर में शांति और स्वच्छता का माहौल बनेगा।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त















