-प्रशासनिक अधिकारियों ने दी सार्वजनिक नीति और शासन से जुड़ी दी विस्तृत जानकारी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भारत सरकार के नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस (एनसीजीजी) द्वारा 10 से 21 मार्च तक मसूरी और नई दिल्ली में कंबोडिया के सिविल सेवकों के लिए सार्वजनिक नीति और शासन पर आयोजित 10वें प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को गाजियाबाद के जिला प्रशासन ने कंबोडिया के 40 सिविल सेवकों का भव्य स्वागत किया। दुर्गावती देवी सभागार, विकास भवन में आयोजित इस विशेष बैठक में कंबोडिया के सिविल सेवकों का गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मान किया गया। जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देशन और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव गोपाल के नेतृत्व में सभी प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बैठक के दौरान सीडीओ अभिनव गोपाल ने राजस्व और विकास कार्यों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इसके अलावा, एडीएम सिटी गंभीर सिंह ने प्रशासनिक कार्यों, एसडीएम निखिल चक्रवर्ती ने तहसील स्तर पर किए जा रहे कार्यों और एसीपी लिपि नगायच ने पुलिस विभाग की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया। कंबोडिया के सिविल सेवकों ने सरकार और प्रशासन द्वारा वृद्धों, बेसहारा, असहाय लोगों की सहायता, युवाओं को रोजगार में मदद, गरीबों के उत्थान और महिला व बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सवाल पूछे। अधिकारियों ने सभी सवालों का विस्तार से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। इस कार्यक्रम में नेहरू वर्ल्ड स्कूल के कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।
उन्होंने कंबोडिया के अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की जानकारी प्राप्त की। नेहरू वर्ल्ड स्कूल के छात्रों ने कंबोडिया ग्रुप के प्रत्येक सदस्य को भगवद गीता की प्रति भेंट की। कंबोडिया ग्रुप का नेतृत्व कर रहे लाय सोफोरन ने जिला प्रशासन और अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया और स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस कार्यक्रम में डॉ. संजीव शर्मा (नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस) के साथ समाज कल्याण अधिकारी वेद प्रकाश, समाज कल्याण अधिकारी (विकास) दिग्विजय सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इस भव्य आयोजन ने भारत और कंबोडिया के बीच प्रशासनिक सहयोग और सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ किया।


















