-सीईओ के अध्यक्षता में हुई बैठक, लोउडन काउंटी सिटी के प्रतिनिधि हुए शामिल
-बैठक में दोनों शहरों के इंफ्रास्ट्रक्चर पर प्रस्तुतीकरण दिया गया
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा और अमेरिका के लोउडन काउंटी को सिस्टर सिटी के रूप में विकसित करने के प्रयास तेज हो गए हैं। मंगलवार को लोउडन काउंटी सिटी के प्रतिनिधि ग्रेटर नोएडा पहुंचे, जहां दोनों शहरों के बीच आपसी सहयोग और विकास की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इस दौरान इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी योजनाओं और विकास कार्यों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिए गए। बैठक का आयोजन ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के सीईओ एनजी रवि कुमार की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें लोउडन काउंटी सिटी, वर्जीनिया के इकोनॉमिक डेवलपमेंट विभाग के कार्यकारी निदेशक बडी राइजर अपनी टीम के साथ शामिल हुए। बैठक में एसीईओ सौम्या श्रीवास्तव, एसीईओ प्रेरणा सिंह, ओएसडी अभिषेक पाठक और अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।
ग्रेटर नोएडा की ओर से दी गई जानकारी
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से प्रस्तुतिकरण में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर), रोड इंफ्रास्ट्रक्चर, मेट्रो कनेक्टिविटी, एक्सप्रेसवे, ग्रीनरी, डाटा सेंटर हब, आईआईटीजीएनएल, मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब और मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब सहित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी गई। इसके अलावा वेस्ट कलेक्शन सिस्टम के तहत किए जा रहे प्रयासों से भी प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया गया।
सीईओ एनजी रवि कुमार ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को आधुनिक संस्कृति और तकनीक से जोडऩा जरूरी है, जिससे शहर की आर्थिक और सामाजिक प्रगति को मजबूती मिलेगी।
लोउडन काउंटी के प्रतिनिधियों ने भी दी जानकारी
लोउडन काउंटी सिटी के प्रतिनिधियों ने भी अपने इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी योजनाओं और विकास कार्यों पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को लोउडन काउंटी सिटी आने का निमंत्रण दिया, जिससे दोनों शहरों के बीच आपसी समझ और सहयोग को बढ़ावा मिल सके।
एमओयू पहले ही हो चुका है साइन
बता दें कि दोनों शहरों के बीच सिस्टर सिटी के रूप में विकास के लिए पहले ही एमओयू (मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग) साइन हो चुका है। इस एमओयू के तहत शिक्षा, व्यापार, संस्कृति, बायोटेक, कृषि, फार्मास्यूटिकल और सूचना एवं तकनीक के क्षेत्र में आपसी सहयोग और प्रत्यक्ष आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके माध्यम से दोनों शहरों के प्रतिनिधि एक-दूसरे के यहां जाकर अध्ययन और अनुभव साझा कर सकेंगे। इस बैठक से यह स्पष्ट हो गया है कि ग्रेटर नोएडा और लोउडन काउंटी सिटी के बीच आपसी सहयोग से दोनों शहरों के विकास को नई गति मिलेगी।
















