लोनी में जीडीए का बड़ा एक्शन: 4 अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, 60 से ज्यादा भूखंड किए ध्वस्त

• बगैर स्वीकृति बनाए गए निर्माणों पर कसा शिकंजा, कॉलोनाइजरों में मचा हड़कंप
•बिना नक्शा स्वीकृति के निर्माण करने वालों को चेतावनी
• सावधान रहें! बिना स्वीकृति निर्माण किया तो कार्रवाई तय! जीडीए का बुलडोजर है तैयार

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अपना बुलडोजर अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को जीडीए की प्रवर्तन टीम ने लोनी क्षेत्र के मीरपुर हिंदू और चिरौड़ी गांव रोड पर चार अनाधिकृत कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान लगभग 60 भूखंडों की बाउंड्रीवाल, निर्माण के लिए खड़े किए गए पिलर और अन्य अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया गया। जीडीए की इस कड़ी कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों और निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। इस ध्वस्तीकरण अभियान की अगुवाई प्रवर्तन जोन-8 की प्रभारी एवं ओएसडी ने की। अभियान के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, जीडीए पुलिस और लोनी थाना पुलिस भारी संख्या में मौजूद रही। जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि बिना स्वीकृति के किए जा रहे किसी भी निर्माण को नहीं बख्शा जाएगा। भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयां लगातार चलती रहेंगी। अवैध कॉलोनियों से क्षेत्र में अनियंत्रित विकास होता है, जिससे बुनियादी सुविधाओं की कमी हो जाती है।

कार्रवाई के दौरान हुआ हंगामा, पुलिस ने लाठियां फटकारी
ध्वस्तीकरण के दौरान जब जीडीए की टीम ने बुलडोजर चलाया, तो अवैध कॉलोनाइजरों और निर्माणकर्ताओं ने इसका जमकर विरोध किया। कुछ स्थानीय लोगों ने जीडीए की कार्रवाई को रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रण में लिया और लाठी फटकारकर विरोध कर रहे लोगों को खदेड़ दिया।

बुलडोजर की गर्जना से कांप उठे अवैध कॉलोनाइजर
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण लगातार अवैध कॉलोनियों और अनाधिकृत निर्माणों पर कार्रवाई कर रहा है। हाल ही में कई अन्य इलाकों में भी ऐसी कार्रवाई की गई थी। लेकिन लोनी के मीरपुर और चिरौड़ी गांव रोड पर चलाए गए इस अभियान को अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया जा रहा है। जीडीए प्रवर्तन जोन-8 प्रभारी ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने सभी लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि बिना स्वीकृति के कोई भी निर्माण न करें। जीडीए का बुलडोजर ऐसे सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर देगा। कॉलोनाइजर और अवैध निर्माण करने वाले लोग सावधान रहें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

लोनी में अवैध निर्माण पर जीडीण् का कड़ा रुख
सरकार और जीडीए लगातार अवैध निर्माणों के खिलाफ कड़ा रुख अपना रहे हैं। प्रशासन का मानना है कि अनाधिकृत कॉलोनियां विकसित होने से शहर की योजना और बुनियादी ढांचे पर बुरा प्रभाव पड़ता है। इसी कारण अवैध निर्माणों के खिलाफ जीडीए का बुलडोजर लगातार गरज रहा है।

आगे की योजना
सूत्रों के मुताबिक, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण आने वाले दिनों में अन्य अवैध कॉलोनियों पर भी इसी तरह की कार्रवाई करने वाला है। जीडीए ने स्पष्ट कर दिया है कि शहर में अनाधिकृत निर्माण और अवैध कॉलोनियों को किसी भी कीमत पर नहीं पनपने दिया जाएगा।

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त संदेश देते हुए कहा कि गाजियाबाद में किसी भी अनाधिकृत कॉलोनी या अवैध निर्माण को सहन नहीं किया जाएगा। बिना स्वीकृति के कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। जो भी बिना अनुमति के निर्माण करेगा, उसका अंजाम यही होगा-बुलडोजर से ध्वस्तीकरण। उन्होंने कहा नागरिकों को भी जागरूक रहना चाहिए और किसी भी अनाधिकृत कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले यह सुनिश्चित कर लेना चाहिए कि वह जीडीए से स्वीकृत हो। अन्यथा, भविष्य में नुकसान उठाना पड़ सकता है। प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और अवैध निर्माणों पर लगातार कार्रवाई करता रहेगा।