-लाभार्थियों को बेहतर सुविधा, पारदर्शिता और सूचना उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सालयों को दिए निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिले में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना (पीएम-जेएवाई) के क्रियान्वयन और उससे जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए मंगलवार को दुर्गावती देवी सभागार, विकास भवन में जिला शिकायत निवारण समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी दीपक कुमार मीणा ने की। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित विक्रम, डॉ. राजेश तेवतिया, आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारी, डिस्ट्रिक्ट इम्प्लीमेंटेशन यूनिट के प्रतिनिधि, सपोर्ट एजेंसी और पंजीकृत निजी व राजकीय चिकित्सालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने आयुष्मान योजना के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के निस्तारण, लम्बित भुगतानों, तकनीकी समस्याओं, क्लेम की स्थिति और लाभार्थियों को हो रही समस्याओं पर गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आयुष्मान पंजीकृत चिकित्सालय अपने स्तर पर योजना के प्रचार-प्रसार की कार्य योजना बनाकर उसे सख्ती से लागू करें। डीएम दीपक मीणा ने कहा कि मरीजों को विशेषज्ञ सेवाओं की जानकारी रिसेप्शन और वेटिंग एरिया में साफ तौर पर प्रदर्शित की जाए ताकि लाभार्थियों को भटकना न पड़े।
साथ ही, उन्होंने सभी चिकित्सालयों को निर्देशित किया कि एक फिक्स मोबाइल नंबर प्रदर्शित करें जिससे जरूरतमंद लोग शिकायत कर सकें और समय पर सहायता प्राप्त कर सकें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी योग्य लाभार्थी को अनावश्यक कारणों से इलाज से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। सभी पंजीकृत चिकित्सालय इस बात को सुनिश्चित करें कि आयुष्मान कार्डधारकों को बिना किसी अड़चन के गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा मिले। बैठक जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसुविधा को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक कदम मानी जा रही है।
















