-देशभक्ति के लिए खड़े होने का आह्वान, गुरुजी ने कहा- हिंदू समाज को असुरक्षित बनाने की घटनाएं चिंताजनक
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के खिलाफ गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए पावन चिंतन धारा आश्रम के संस्थापक और राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. पवन सिन्हा गुरुजी ने रविवार को मुरादनगर में एक जबरदस्त आक्रोश प्रदर्शन का आयोजन किया। इस मौके पर आश्रम साधकों और देशभक्तों की भारी संख्या ने पाकिस्तान का पुतला फूंकते हुए जमकर नारेबाजी की। साथ ही आश्रम के सदस्य और देशप्रेमी नागरिकों ने पाकिस्तान के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली। यह प्रदर्शन देश के 30 से अधिक शहरों में एक साथ आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान डॉ. पवन सिन्हा गुरुजी ने संबोधित करते हुए कहा, 27 निर्दोषों की नृशंस हत्या की मैं कठोर निंदा करता हूँ। हम हर हाल में इस आतंकवाद को समाप्त करेंगे। पाकिस्तान के खिलाफ यह न केवल हमारा आक्रोश है, बल्कि हमारे देश की सुरक्षा, प्रतिष्ठा और भव्यता का सवाल है।
उन्होंने आगे कहा कि, आज का युवा नशे और भ्रमित संबंधों में व्यस्त है, देश सेवा का भाव दुर्लभ हो गया है। हमें एकजुट होकर देश की रक्षा के लिए खड़ा होना होगा। गुरुजी ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि मुर्शिदाबाद से लेकर कश्मीर तक की घटनाओं ने स्पष्ट कर दिया है कि हिन्दू समाज अपने ही देश में असुरक्षित है। यह व$क्त है कि हम यह समझें कि आतंकवाद का रूप क्या है और इसे पहचानने में अब तक हम क्यों असफल रहे हैं। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, देश की सुरक्षा और संस्कृति को बचाने के लिए हमें अब जागना होगा। हमारी अस्मिता को बचाने के लिए हर एक को देशभक्ति के पथ पर चलना होगा।
आश्रम की सदस्य खुशी गुप्ता ने कहा, जब हमारे मंदिरों को तोड़ा जाता है, हमारे बच्चों को पीटा जाता है, तब भी हम चुप क्यों रहते हैं? वहीं, देवब्रत शर्मा जी ने इस दौरान कहा, पाकिस्तान हमारी ही भूमि पर बना है, क्योंकि हमने लडऩा छोड़ दिया था। अगर हम अब भी नहीं जागे तो ऐसी देशविरोधी ताकतें हमारे देश को खत्म कर देंगी। युवा नेता रोहित अरोड़ा और सुहानी सिंह ने भी इस मौके पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा, हमारे ऊपर अत्याचार हो रहे हैं, डर फैलाया जा रहा है और इस डर को हमारे समाज ने स्वीकार भी कर लिया है। अब इसे और सहन नहीं किया जा सकता। हमें अपने अधिकारों के लिए खड़ा होना होगा। प्रदर्शन में आदरणीय गुरु माँ डॉ. कविता अस्थाना, बॉबी त्यागी, गुलशन राजपूत सहित शहर के गणमान्य लोग और आश्रम के सदस्य उपस्थित थे।


















