कोरोना का कमबैक! गाजियाबाद में फिर फैली हलचल एक ही दिन में चार संक्रमित मिले

-कौशांबी के दंपती की यात्रा के बाद संक्रमण की पुष्टि, एक मरीज अस्पताल में भर्ती, तीन होम आइसोलेशन

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। लंबे समय के बाद एक बार फिर जनपद में कोरोना संक्रमण ने दस्तक दी है। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग ने चार नए संक्रमित मरीजों की पुष्टि की, जिससे स्वास्थ्य तंत्र में सतर्कता बढ़ गई है। संक्रमितों में विभिन्न आयु वर्ग के लोग शामिल हैं, जिनमें से एक मरीज को गंभीर लक्षणों के चलते निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी तीन मरीज होम आइसोलेशन में रहकर इलाज करवा रहे हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आर.के. गुप्ता ने बताया कि संक्रमितों में कौशांबी का एक दंपती भी शामिल है, जो हाल ही में बैंगलूरु की यात्रा से लौटा था। लौटने के बाद जब उनमें सर्दी और खांसी के लक्षण दिखाई दिए, तो उन्होंने कोरोना जांच करवाई, जिसमें दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

इसके अलावा दो अन्य मामलों में एक 18 वर्षीय युवती, एक 71 वर्षीय बुजुर्ग पुरुष और एक 64 वर्षीय महिला भी कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, फिलहाल सभी संक्रमितों की हालत स्थिर है। संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की सूची तैयार की जा रही है और उन्हें भी जांच के दायरे में लाया जा रहा है। संक्रमित मरीजों के घरों को सेनिटाइज किया गया है और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी तरह के लक्षण जैसे सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में दिक्कत हो, तो तुरंत जांच कराएं। सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने, हाथ धोने और सामाजिक दूरी बनाए रखने जैसे नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है।

विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी के मौसम में भी वायरस की सक्रियता बनी रह सकती है, इसलिए सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है। स्वास्थ्य विभाग ने फिलहाल किसी तरह की अतिरिक्त पाबंदी की घोषणा नहीं की है, लेकिन यदि मामलों में वृद्धि हुई तो कदम उठाए जा सकते हैं। जनता से अपील की गई है कि घबराएं नहीं, लेकिन लापरवाही न बरतें। यदि किसी को हाल में यात्रा का इतिहास है या वह संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आया है, तो वह स्वास्थ्य विभाग को सूचना दें और आवश्यक जांच कराएं।