-नेहरूनगर फ्लाईओवर के नीचे क्रीमबेल कर्मचारी से लूट; हवा में पिस्टल लहराकर भागे बदमाश
-एडिशनल पुलिस कमिश्नर और डीसीपी मौके पर पहुंचे, लूट की योजना में रेकी की आशंका, पुलिस की 3 टीमें गठित
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र में नेहरूनगर स्थित फ्लाईओवर सेे नीचे उतरने के दौरान सोमवार को दिनदहाड़े क्रीमबेल आइसक्रीम व्यापारी के कर्मचारी से बाइक सवार तीन बदमाश 8.15 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। दिनदहाड़ेे हुई लूट के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी,डीसीपी सिटी धवल जायसवाल मौकेे पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारी से पूछताछ करते हुए छानबीन की। इस दौरान एसीपी कविनगर भास्कर वर्मा एवं कविनगर थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंंद्र मलिक व सिहानी गेट थाना प्रभारी निरीक्षक सचिन बालियान भी टीम के साथ बदमाशों की सुरागकशी में लग गए। मगर बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। जानकारी के अनुसार क्रीमबेल आइसक्रीम के लालकुआं स्थित डिस्ट्रीब्यूटर का कर्मचारी अमित कुमार स्कूटी पर सवार होकर सोमवार को सुबह करीब साढ़े 11 बजे आरडीसी स्थित कोटक महिंद्रा बैंक में नकदी जमा करने जा रहा था। जैसे ही वह नेहरू नगर फ्लाईओवर के नीचे उतरा।
कविनगर में आपका भवन के सामने रेलवे लाइन वाले रोड पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और गनपाइंट पर लूट कर फरार हो गए। शोर सुनकर लोग व्यापारी के पास पहुंचे। अमित से छीने गए बैग में करीब 8.15 लाख रुपए नकद थे। पीडि़त ने शोर मचाया,जिसके बाद आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी गई। कविनगर थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र मलिक टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। प्राथमिक जांच में यह मामला एक सुनियोजित लूट मालूम पड़ रहा है, क्योंकि बदमाशों को व्यापारी की गतिविधियों की पहले से जानकारी थी।घटना के बाद सूचना मिलने पर डीसीपी सिटी धवल जायसवाल और एसीपी कविनगर भास्कर वर्मा ने घटनास्थल का हाल देखा और पीडि़त से बात कर कविनगर पुलिस को बदमाशों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। जिस तरह आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया, उससे पुलिस मान रही है कि घटना को रेकी कर अंजाम दिया गया। इसलिए पुलिस रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
वारदात को अंजाम देकर बदमाश हवा में पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए। घटना स्थल का एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी समेत अन्य अधिकारियों ने जायजा लिया। मुनीम अमित कुमार ने बताया कि उनको राजनगर की कोटक महिंद्रा बैंक शाखा में कंपनी के 8.15 लाख रुपए जमा करने थे। करीब सवा 11 बजे वह अपने कार्यालय से स्कूटी से चले। साढ़े 11 बजे के आसपास वह जैसे ही नेहरूनगर फ्लाईओवर के नीचे पहुंचे तो उनको बाइक सवार तीन युवकों ने रोका। रुकते ही पीछे बैठे बदमाश ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दी। इससे उनकी आंखों में जलन हो गई और स्कूटी समेत नीचे गिर गए। आरोपियों ने स्कूटी में रखा बैग लूट लिया और हवा में पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए। पीछे से आए लोगों की मदद से उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अमित कुमार को एमएमजी में भर्ती कराया।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि मौके का निरीक्षण किया गया है। इससे पहले डीसीपी धवल जायसवाल, एसीपी कविनगर भास्कार वर्मा भी मौके पर पहुंचे। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। कंपनी के किन-किन कर्मचारियों को कैश की जानकारी थी, इस बिंदु पर भी पुलिस काम कर रही है। तह तक जाने के लिए कंपनी के अन्य कर्मचारियों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। इस दुस्साहसिक वारदात ने गाजियाबाद की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस की सतर्कता पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगे हैं। घटना के बाद व्यापारिक समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए व्यापारियों ने मुनीमों और नकदी ले जाने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए विशेष उपायों की मांग की है। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने कहा कि घटना का खुलासा करने के लिए तीन टीमें गठित की गई है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाले जा रहे हैं और कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। लूट का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
















