-महापौर सुनीता दयाल के नेतृत्व में ग्रीनबेल्ट सौंदर्यीकरण की शुरुआत
-यू.पी. गेट से साहिबाबाद रैपिड स्टेशन तक बिखरेगी हरियाली की छटा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर को हराभरा, स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में एक और सार्थक कदम उठाया गया है। महापौर सुनीता दयाल ने अधिकारियों की टीम के साथ मिलकर शुक्रवार को यू.पी. गेट से वसुंधरा लिंक मार्ग तक फैली हरित पट्टी (ग्रीन बेल्ट) के सौंदर्यीकरण के लिए निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस निरीक्षण में वरिष्ठ उद्यान प्रभारी एन.के. चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह तथा अवर अभियंता (उद्यान) राजेन्द्र कुमार उपस्थित रहे। महापौर ने स्पष्ट किया कि इस ग्रीनलैंड को इस प्रकार संवारा जाएगा कि दिल्ली से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करते ही शहर की सुंदरता और हरियाली का स्वागत दिखाई दे।
महापौर ने यू.पी. गेट पर स्थित हरित पट्टी के लिए विशेष रूप से एक सौंदर्यीकरण डिजाइन तैयार करने के निर्देश भी दिए हैं, जिससे राजधानी दिल्ली से लगते गाजियाबाद की छवि और अधिक आकर्षक और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध हो। महापौर ने यह भी घोषणा की कि वैशाली रैपिड रेल मार्ग के नीचे की हरित भूमि को भी सुव्यवस्थित रूप से सजाया जाएगा, और यह हरित श्रृंखला वसुंधरा होते हुए साहिबाबाद रैपिड स्टेशन तक विस्तारित की जाएगी। इससे न केवल शहर की सुंदरता में इजाफा होगा, बल्कि वायु प्रदूषण में भी कमी आएगी और नागरिकों को स्वस्थ पर्यावरण का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह योजना शहर के मुख्य मार्गों से सटी ग्रीनलैंड को केंद्र में रखते हुए तैयार की जा रही है, ताकि शहर में प्रवेश करते ही हरियाली का प्रभाव दृष्टिगोचर हो और सड़कों की छवि भी निखर कर सामने आए। उन्होंने बताया कि नगर आयुक्त के साथ समन्वय में यह कार्य योजना तैयार की गई है, और संबंधित विभागों को इस दिशा में ठोस कार्यवाही आरंभ करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। यह ग्रीनलैंड सौंदर्यीकरण दूर से ही अपनी छाप छोड़ेगा और शहरवासियों को गर्व की अनुभूति कराएगा।
















