-सीएफओ के नेतृत्व में वैशाली सहित कमिश्नरेट के सभी फायर स्टेशनों पर हुआ सामूहिक योगाभ्यास
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को फायर स्टेशन वैशाली, गाजियाबाद कमिश्नरेट पर एक अनुशासित और प्रेरणादायक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राहुल पाल के नेतृत्व में सभी उपस्थित दमकल कर्मियों ने सामूहिक रूप से योग अभ्यास करते हुए स्वस्थ शरीर और सजग मन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाई। इस मौके पर कर्मियों को योग की विभिन्न मुद्राओं एवं प्राणायाम के अभ्यास कराए गए, साथ ही उन्हें योग के वैज्ञानिक पक्ष, तनाव प्रबंधन एवं शारीरिक लचीलापन बढ़ाने में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान यह स्पष्ट रूप से बताया गया कि कठिन और जोखिम भरे कर्तव्यों को निभाने वाले दमकल कर्मियों के लिए योग साहस और संतुलन का आधार बन सकता है। फायर कमिश्नरेट के अन्य प्रमुख स्टेशनों कोतवाली, साहिबाबाद, मोदीनगर और लोनी में भी प्रभारी अधिकारियों के नेतृत्व में समान रूप से योग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें सभी कर्मियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने कहा कि फिट और फोकस्ड रहना हमारी सेवा की प्राथमिक आवश्यकता है।
योग इसे पूरा करने का सबसे प्रभावी माध्यम है, जिसे अब हर फायरमैन को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। इस आयोजन ने न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी, बल्कि आंतरिक अनुशासन और मानसिक स्थिरता को भी बल देते हुए दमकल विभाग को फिटनेस और सेवा के नए प्रतिमान पर स्थापित किया।
















