शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण ही प्रशासन की प्राथमिकता: दीपक मीणा

-तीनों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस सफलतापूर्वक सम्पन्न

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। प्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन गाजियाबाद जनपद की तीनों तहसीलों सदर, मोदीनगर और लोनी में शनिवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा के नेतृत्व व निर्देशन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। सदर तहसील में जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुल 39 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 का मौके पर त्वरित निस्तारण कर दिया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर शिकायत का समयानुसार, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की जिम्मेदारी है, जिसमें कोई लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।

मोदीनगर तहसील में एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ, जिसमें 45 शिकायतें दर्ज की गईं और 3 मामलों का समाधान मौके पर किया गया। वहीं, लोनी तहसील में एडीएम एफ/आर सौरभ भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस के दौरान 59 शिकायतें प्राप्त हुईं और 2 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।

इन कार्यक्रमों में संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस अधिकारी, एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे और जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस का यह आयोजन प्रशासन की जनसुनवाई के प्रति प्रतिबद्धता, पारदर्शिता और जनहित के प्रति उत्तरदायित्व का प्रतीक बन गया, जिसमें जनपदवासियों ने खुलकर अपनी समस्याओं को रखा और अधिकारियों ने समाधान का भरोसा दिलाया।