-दो महीने पहले हटाई गई थी मजार, फिर से बनते देख नाराज हुईं महापौर सुनीता दयाल, एफआईआर के आदेश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मोहन नगर की ओर जाते वक्त जीटी रोड पर ग्रीन बेल्ट की जमीन पर दोबारा अवैध मजार देख शुक्रवार दोपहर महापौर सुनीता दयाल का पारा चढ़ गया। निरीक्षण के दौरान जब उन्होंने शहीद स्थल के पास मेट्रो स्टेशन के नजदीक मजार को फिर से बना देखा, तो वह भड़क उठीं और मौके पर मौजूद लोगों को जमकर फटकार लगाई। महापौर ने सख्त लहजे में कहा कि बिना अनुमति ग्रीन बेल्ट पर किसी भी तरह का धार्मिक निर्माण पूरी तरह अवैध है। उन्होंने मजार बनाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए और नगर निगम की टीम को तत्काल मजार हटाकर उस स्थान पर पौधारोपण करने का आदेश दिया।
महापौर ने बताया कि दो महीने पहले भी इसी स्थान पर मजार बनाई गई थी, जिसे नगर निगम ने हटवा दिया था। लेकिन संबंधित अधिकारियों की लापरवाही और ढिलाई के चलते दोबारा अवैध निर्माण कर लिया गया। उन्होंने नगर निगम के अफसरों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए स्पष्ट किया कि इस तरह की पुनरावृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मौके पर मौजूद मुस्लिम युवक को महापौर ने बुलाकर सख्त चेतावनी दी और कहा कि अगर भविष्य में दोबारा यहां मजार दिखाई दी तो और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ग्रीन बेल्ट सार्वजनिक संपत्ति है, जिसका स्वरूप बिगाडऩे की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती। महापौर ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रीन बेल्ट की जमीन की नियमित निगरानी की जाए ताकि दोबारा अवैध कब्जे या धार्मिक निर्माण न हो सकें। उन्होंने कहा कि शहर में सौंदर्यकरण और हरियाली बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं, ऐसे में इस तरह के अतिक्रमण न केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि जनहित के कार्यों में बाधा भी हैं।















