आस्था के साथ प्रशासन का अभिषेक: आसमान से बरसे फूल, गूंजा हर हर महादेव

• डीएम और एडीसीपी ने हेलीकॉप्टर से शिवभक्तों का किया अभिनंदन, पुष्पवर्षा ने कांवड़ यात्रा को दी आध्यात्मिक गरिमा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सावन की आस्था और शिवभक्तों की श्रद्धा का जब प्रशासनिक सम्मान से संगम होता है, तो नज़ारा सिर्फ धार्मिक नहीं, ऐतिहासिक बन जाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप गाजियाबाद में इस बार कांवड़ यात्रा का ऐसा ही दृश्य देखने को मिला, जब शिवभक्तों पर आसमान से पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। यह सम्मान न केवल भक्तों के उत्साह को बढ़ाने वाला था, बल्कि एक संवेदनशील और भागीदारी पर आधारित प्रशासनिक दृष्टिकोण का जीवंत उदाहरण भी बन गया। जिलाधिकारी दीपक मीणा और एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी ने हेलीकॉप्टर से स्वयं पुष्पवर्षा कर यह संदेश दिया कि शासन-प्रशासन सिर्फ कानून व्यवस्था का ही नहीं, संस्कृति और श्रद्धा के सम्मान का भी जिम्मेदार स्तंभ है। पुष्पवर्षा का यह अलौकिक दृश्य श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर, मेरठ तिराहा, राजनगर एक्सटेंशन चौराहा, मननधाम मंदिर, दुहाई कट, मुरादनगर गंगनहर घाट, तथा गंगनहर पटरी मार्ग सहित जिले के सभी प्रमुख कांवड़ मार्गों पर देखा गया। जैसे ही हेलीकॉप्टर से गुलाब और गेंदा पुष्पों की वर्षा आरंभ हुई, नीचे चल रहे शिवभक्तों की आंखों में भाव-विभोर श्रद्धा और होंठों पर “हर हर महादेव” के गगनभेदी उद्घोष गूंज उठे। हर ओर भक्तों के चेहरों पर आश्चर्य मिश्रित आनंद, आशीर्वाद जैसी अनुभूति और भक्ति का चरम रूप देखने को मिला।

यह दृश्य न केवल भक्तों के लिए अविस्मरणीय बन गया, बल्कि पूरे शहर को आस्था और प्रशासन के एक भावात्मक बंधन से जोड़ गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कांवडिय़ों के सम्मान और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दिए जाने के निर्देश के तहत जनपद प्रशासन ने इस यात्रा को एक सांस्कृतिक पर्व की गरिमा के अनुरूप आकार देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। प्रशासन की ओर से यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, रात्रि विश्राम व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए। परंतु हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा जैसी पहल ने इस व्यवस्था में स्नेह और श्रद्धा की आत्मा भर दी। कांवड़ यात्रा कोई सामान्य आयोजन नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक जनज्वार है, जिसमें करोड़ों शिवभक्त हर साल अपनी आस्था लेकर निकलते हैं।

जब प्रशासन उनके स्वागत में फूल बरसाए और अधिकारी स्वयं सहभागिता करें, तो यह न केवल उनकी संवेदनाओं का सम्मान है, बल्कि एक जनकल्याणकारी शासन की सुंदर परिभाषा भी है। जिन श्रद्धालुओं ने इस पुष्पवर्षा को प्रत्यक्ष अनुभव किया, उनके अनुसार यह अनुभव उन्हें जीवन भर स्मरण रहेगा। लोगों ने इसे “भगवान शिव की कृपा का प्रत्यक्ष आशीर्वाद” माना और कहा कि इस तरह की पहल से हर थका हुआ यात्री फिर से जोश और उमंग से भर उठता है। इस अनूठी पहल के पीछे न केवल व्यवस्थाओं की परिपक्वता, बल्कि जनभावनाओं को समझने की जो संवेदनशीलता दिखाई दी, उसने गाजियाबाद को कांवड़ मार्ग के प्रमुख पड़ावों में से एक के रूप में प्रतिष्ठित कर दिया है। सावन के पवित्र महीने में जब कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है, तब गाजियाबाद प्रशासन द्वारा पुष्पवर्षा के माध्यम से किया गया यह स्वागत आस्था, प्रशासन और परंपरा के त्रिवेणी संगम के रूप में चिरस्मरणीय बन गया है।