45 लाख के 211 मोबाइल की बरामदगी, तकनीक और ईमानदारी का अद्भुत संगम

-आईएमईआई ट्रैकिंग और डिजिटल डेटा विश्लेषण के जरिए खोए मोबाइलों को ढूंढ निकाला गया
-जनता का भरोसा जीतना हमारी प्राथमिकता: धवल जायसवाल
-मोबाइल लौटने पर नागरिकों की आंखों में चमक, दिल में सम्मान
-लोगों ने कहा, “हमने तो उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन गाजियाबाद पुलिस ने विश्वास लौटा दिया

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट के सिटी जोन में पुलिस ने एक बड़ी और सराहनीय सफलता हासिल करते हुए चोरी और गुमशुदा मोबाइल फोनों की भारी मात्रा में बरामदगी की है। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के नेतृत्व में चलाए गए इस संयुक्त अभियान में सर्विलांस सेल, स्वाट टीम और विभिन्न थानों की टीमों ने बेहतरीन तालमेल और तकनीकी दक्षता के दम पर कुल 211 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख रुपये है। थाना कोतवाली नगर- 68, थाना विजयनगर- 24, थाना सिहानीगेट- 36, थाना नंदग्राम- 34, थाना कविनगर -15, थाना मधुबन बापूधाम -24, थाना साइबर- 10 कुल 211 मोबाइल विभिन्न कंपनियों के बरामद हुए। जिन्हें बुधवार को डीसीपी सिटी ने लोगों केा वापस लौटाया। यह महज एक बरामदगी नहीं, बल्कि जनता के विश्वास की पुनर्स्थापना है। मोबाइल फोन, जो आज के समय में सिर्फ एक संचार उपकरण नहीं बल्कि व्यक्ति की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी यादों, भावनाओं और कार्यों का केंद्र होता है, उसका खो जाना एक बड़ी क्षति की तरह होता है। डीसीपी सिटी की टीम ने यह साबित कर दिया कि समर्पण, तकनीक और ईमानदार प्रयासों के जरिए खोई हुई उम्मीदों को भी वापस लाया जा सकता है। इस अभियान में तकनीकी निगरानी का भरपूर उपयोग किया गया।

सर्विलांस टीमों ने आईएमईआई नंबर की मदद से गुम हुए और चोरी गए मोबाइलों की लोकेशन को ट्रैक किया, मैनुअल इनपुट्स और डिजिटल डेटा विश्लेषण के जरिए उनका पता लगाया गया। एक-एक केस की बारीकी से जांच की गई और हर मोबाइल को उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने के लिए पूरी संवेदनशीलता और सावधानी के साथ कार्य किया गया। यह पुलिस के लिए तकनीकी दक्षता और मानवता दोनों की परीक्षा थी, जिसमें वे पूरे नंबरों के साथ पास हुए। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने इस अभियान को केवल एक तकनीकी उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज में जनविश्वास बहाली की दिशा में एक अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस का काम सिर्फ अपराध रोकना नहीं, बल्कि जनता का भरोसा कायम रखना भी है। चोरी या गुम हुए मोबाइल को वापस लाना एक आम आदमी के लिए असंभव जैसा लगता है, लेकिन पुलिस ने यह कर दिखाया और यह भी जताया कि वह जनता की सेवा के लिए हर समय तत्पर है। बुधवार को मोबाइल पाकर नागरिकों की आंखों में खुशी साफ नजर आई।

कई लोगों ने कहा कि उन्होंने अपने मोबाइल को खो चुका मान लिया था और उसकी उम्मीद छोड़ दी थी। लेकिन पुलिस की इस पहल ने उन्हें न केवल उनका मोबाइल वापस दिलाया, बल्कि उनके मन में पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान को भी लौटा दिया। डीसीपी सिटी ने बताया कि पुलिस का कार्य केवल अपराधियों को पकडऩा नहीं, बल्कि जनता का विश्वास कायम रखना भी है। चोरी या गुम हुए मोबाइल को वापस लाना एक आम आदमी के लिए असंभव जैसा लगता है, लेकिन हमने यह कर दिखाया है। हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि जनता को पुलिस पर भरोसा हो और हर नागरिक यह महसूस करे कि पुलिस उसकी सेवा में हमेशा तत्पर है। यह कार्रवाई गाजियाबाद पुलिस की छवि को नई ऊंचाई देती है।

यह पूरी सफलता केवल तकनीक का कमाल नहीं थी, बल्कि यह गाजियाबाद पुलिस के टीमवर्क, ईमानदारी और जनसेवा की भावना का प्रत्यक्ष प्रमाण है। डिजिटल युग में जिस तरह की स्मार्ट पुलिसिंग की जरूरत है, वह इस अभियान में साफ नजर आई। इसने पुलिस की उस छवि को और मजबूत किया है, जहां वर्दी में सिर्फ कानून का सख्त रूप नहीं बल्कि एक संवेदनशील प्रहरी भी मौजूद है। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल और उनकी टीम का यह प्रयास न केवल तकनीकी रूप से प्रभावी रहा, बल्कि यह जन-भावनाओं से गहराई से जुड़ा हुआ था। गाजियाबाद पुलिस की यह कार्रवाई आने वाले समय में अन्य जिलों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत बनेगी। यह उम्मीद की जा सकती है कि इसी तरह के प्रयासों से न सिर्फ अपराधियों पर लगाम लगेगी, बल्कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास का पुल और मजबूत होगा।