-बारिश से बिगड़े हालात पर नगर निगम का ऐक्शन मोड, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक खुद संभाल रहे मोर्चा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में मानसून की पहली बड़ी बारिश ने जहां जनजीवन को प्रभावित किया, वहीं गाजियाबाद नगर निगम ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए मैदान में उतरकर हालात को काबू में लेना शुरू कर दिया है। जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक स्वयं मैदान में सक्रिय हैं, और प्रभावित क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। उनकी निगरानी में विभिन्न विभागों की टीमें दिन-रात युद्धस्तर पर काम कर रही हैं। बारिश के बाद सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में से एक वार्ड-7 स्थित सुदामापुरी में शुक्रवार को नगर आयुक्त ने विशेष निरीक्षण कर जलभराव की स्थिति का स्थलीय आकलन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद स्वास्थ्य एवं जलकल विभाग की संयुक्त टीम को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
चार से अधिक पंप सेट तैनात किए गए, वहीं उपकरणों की संख्या बढ़ाकर जलनिकासी की रफ्तार को कई गुना तेज किया गया है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त के साथ मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश, तथा महाप्रबंधक जलकल कामाख्या प्रसाद आनंद भी मौजूद रहे। स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए नगर आयुक्त ने लंबे समय से चल रही जलभराव की समस्या पर जनता की पीड़ा जानी और शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया। जलकल विभाग की ओर से बताया गया कि सुदामापुरी समेत अन्य जलमग्न क्षेत्रों में टेंपरेरी पंपिंग सिस्टम से जलनिकासी का काम तेजी से चल रहा है। निर्माण विभाग ने कई स्थानों पर सड़क पंचर कर बहाव के लिए वैकल्पिक रास्ते बनाए, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने जेसीबी मशीनों के जरिए कीचड़ हटाकर जल प्रवाह को आसान बनाया। नगर आयुक्त ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में अब तक नगर निगम की टीम नहीं पहुंची है, तो वहां के नागरिक सीधे जलकल विभाग से संपर्क करें।
नगर निगम ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर, सीधा संपर्क कर सकते हैं नागरिक
• मोहन नगर व वसुंधरा/इंदिरापुरम: 8178018395
• विजयनगर क्षेत्र: 8178016830
• सिटी जोन: 8178016854
• कविनगर जोन: 8178018396
युद्धस्तर पर जारी है सफाई व जलनिकासी
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने स्पष्ट किया कि शहर के किसी भी हिस्से को अनदेखा नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सफाई और जलनिकासी का कार्य पूरे शहर में युद्धस्तर पर जारी है। हमारी पूरी टीम मैदान में है, लेकिन नागरिकों से भी सहयोग की अपेक्षा है। उन्होंने यह भी कहा कि अनावश्यक आवागमन से बचें और किसी भी आपदा की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। बारिश के चलते उत्पन्न जलभराव की स्थिति को गम्भीरता से लिया गया है। स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया है और सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जलनिकासी के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। हर क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई हो, पंपिंग सिस्टम प्रभावी ढंग से काम करे और सड़क एवं नालियों की सफाई नियमित रूप से होती रहे। कोई भी क्षेत्र उपेक्षित न रहे। नगर निगम की पूरी टीम फील्ड में मौजूद है और युद्धस्तर पर काम कर रही है। नागरिकों से अनुरोध है कि सहयोग करें, अनावश्यक आवाजाही से बचें और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत नगर निगम या जलकल विभाग को दें। हमारी प्राथमिकता है कि हर नागरिक को राहत मिले और शहर को जल्द से जल्द सामान्य स्थिति में लाया जाए।
अब जलभराव से घबराने की जरूरत नहीं
तेज बारिश से उपजे हालात को देखते हुए जिस तरह नगर निगम ने त्वरित कार्रवाई कर संवेदनशीलता और सक्रियता दिखाई है, वह न सिर्फ राहतकारी है, बल्कि प्रशासन की तैयारियों और ज़मीन पर काम करने की इच्छाशक्ति को भी दर्शाता है। गाजियाबाद नगर निगम ने एक बार फिर साबित किया है कि आपदा चाहे जैसी भी हो, टीमवर्क और तत्परता से हर चुनौती का डटकर सामना किया जा सकता है।

















