-सड़कें, साइट ऑफिस और बाउंड्रीवॉल जमींदोज- अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन टीम द्वारा अनाधिकृत कॉॅलोनियों और अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के अनाधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के सख्त आदेश के क्रम में शुक्रवार को मोदीनगर और मुरादनगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। शुक्रवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी एवं ओएसडी राजीव रतन सिंह के नेतृत्व में सहायक अभियंता विनय कुमार, अवर अभियंता राजन सिंह, अवर अभियंता योगेश कुमार वर्मा ने जीडीए पुलिस बल एवं मोदीनगर और मुरादनगर थाना पुलिस की मौजूदगी में 49 बीघा क्षेत्रफल में काटी जा रही 4 अनाधिकृत कॉलोनियों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। कॉलोनाइजर के साईट ऑफिस और इंटरलॉकिंग टाइल्स की सड़क को ध्वस्त किया गया।
तहसील मोदीनगर क्षेत्र में ब्रजवीर सिंह उर्फ बबलू पूनिया पुत्र स्वर्गीय रामपाल सिंह द्वारा राजस्व ग्राम बिसोखर के खसरा संख्या-18,17,4 व 1, पर लगभग 15000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अनाधिकृत कॉलोनी काटी जा रही है। वहीं, देवेंद्र, नितिन कुमार, रविन्द्र, सचिन आदि मुरादनगर क्षेत्र के राजस्व ग्राम-भिक्कनपुर के खसरा संख्या-471, 472, 473 पर लगभग 6000 वर्गमीटर क्षेत्रफल और नरेंद्र, रविन्द्र पुत्रगण स्वर्गीय मंशाराम राजस्व ग्राम-भिक्कनपुर मुरादनगर के खसरा संख्या-407 व 408 पर लगभग 10000 वर्गमीटर क्षेत्रफल और हेमलता पत्नी नरेंद्र गर्ग, योगेश शर्मा, दिनेश शर्मा आदि द्वारा राजस्व ग्राम-भिक्कनपुर, दुहाई मुरादनगर के खसरा संख्या-475 पर लगभग 18000 वर्गमीटर क्षेत्रफल समेत करीब 49 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से अनाधिकृत कॉलोनियां विकसित की जा रही है।
जीडीए प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर चलाकर चारों अनाधिकृत कॉलोनियों में इंटरलॉकिंग सड़क, भूूखंडों की बाउंड्रीवॉल, कॉलोनाइजर के साईट ऑफिस आदि को ध्वस्त कर दिया। जीडीए की इस ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर और निर्माणकर्ताओं ने जमकर विरोध किया। मगर जीडीए पुलिस बल ने उन्हें लाठी फटकार कर वहां से खदेड़ दिया। जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी ने लोगों को सख्त निर्देश दिए कि बगैर अनुमति के कोई भी निर्माण ध्वस्त किया जाएगा। आगामी माह में भी अनाधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माण को ध्वस्त करने एवं सील करने के लिए अभियान जारी रहेगा।















