- जिला आबकारी अधिकारी हिम्मत सिंह ने अनुज्ञापियों को दी सख्त चेतावनी
- सभी दुकानों पर 100′ पॉस मशीन से बिक्री अनिवार्य, कैमरे हर वक्त चालू रहने के निर्देश
- 21 साल से कम युवाओं को शराब बेचना अपराध, अवैध कारोबार पर होगी कठोर कार्रवाई
- निरीक्षकों को नियमित भ्रमण और आमजन को जागरूक करने का मिला निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
रामपुर। जिला आबकारी विभाग ने गुरुवार को बड़ा कदम उठाते हुए जनपद के समस्त देशी मदिरा, कम्पोजिट दुकानों और मॉडल शॉप्स के फुटकर अनुज्ञापियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला आबकारी अधिकारी हिम्मत सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि शराब के कारोबार में किसी तरह की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमानुसार कारोबार करना हर अनुज्ञापी की जिम्मेदारी है और यदि कोई नियमों से खिलवाड़ करेगा तो उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि जिले की सभी शराब दुकानों पर अब 100 प्रतिशत बिक्री पॉस मशीनों से ही की जाए। इससे पारदर्शिता बनी रहेगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी या ओवररेटिंग की गुंजाइश खत्म होगी। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि ओवररेटिंग के मामलों पर विभाग की नजर है और ऐसे किसी भी कृत्य को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही दुकानों पर लगाए गए कैमरे हर वक्त चालू रहने चाहिए ताकि हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा सके। हिम्मत सिंह ने अपने सख्त लेकिन पारदर्शी रुख को दोहराते हुए कहा कि किसी भी हाल में 21 वर्ष से कम आयु के युवाओं को शराब बेचना सख्त वर्जित है। इस नियम का उल्लंघन करने वालों पर न केवल जुर्माना लगाया जाएगा बल्कि उनका लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है। उन्होंने अनुज्ञापियों को आगाह किया कि अगर शराब का कारोबार करना है तो नियमानुसार करें, वरना विभाग के पास कार्रवाई का पूरा अधिकार है।
बैठक के दौरान जिला आबकारी अधिकारी ने लाइसेंसधारियों के साथ-साथ दुकानों पर काम करने वाले विक्रेताओं की जिम्मेदारियों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सिर्फ दुकान खोल लेना ही काफी नहीं है, बल्कि दुकान के संचालन से लेकर ग्राहकों के साथ व्यवहार तक, सब कुछ नियमों और पारदर्शिता के दायरे में होना चाहिए। विक्रेताओं की कार्यशैली पर नजर रखना भी अनुज्ञापियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने आबकारी निरीक्षकों को भी सख्त हिदायत दी कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें और किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत दर्ज करें। उन्होंने कहा कि निरीक्षण केवल औपचारिकता नहीं है बल्कि यह विभाग की छवि और आमजन के विश्वास से जुड़ा हुआ है। हिम्मत सिंह ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब की गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला आबकारी अधिकारी ने आमजन को भी इस मुहिम में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विभाग अकेला अवैध शराब पर पूरी तरह से अंकुश नहीं लगा सकता, इसके लिए जनता का सहयोग आवश्यक है। लोग अवैध शराब की जानकारी विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। साथ ही आमजन को भी अवैध शराब के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करना विभाग की प्राथमिकता होगी।
हिम्मत सिंह की कार्यशैली में साफ झलकता है कि वे अनुशासन, पारदर्शिता और जनता के सहयोग से काम करने पर विश्वास करते हैं। उनकी सख्त कार्यप्रणाली से यह संदेश गया है कि शराब के कारोबार को किसी भी हालत में कानून से ऊपर नहीं रखा जा सकता। बैठक में मौजूद आबकारी निरीक्षक अरविन्द कुमार मिश्रा, नंदिनी यादव, प्रफुल्ल कुमार सिंह, संजय कुमार, राम आधार पाल और अनुपम सिंह ने भी अपने विचार रखे और आश्वासन दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता से काम करेंगे। रामपुर जिले में आबकारी विभाग की यह पहल न केवल अनुज्ञापियों को जिम्मेदार बनाएगी बल्कि अवैध शराब के कारोबार पर भी सख्त नकेल कसेगी। हिम्मत सिंह की कार्यशैली ने यह साबित कर दिया है कि वे नियमों से समझौता करने के पक्षधर नहीं हैं। उनका लक्ष्य है कि जिले में शराब का कारोबार पूरी तरह से पारदर्शी, सुरक्षित और कानून के दायरे में हो।

















