-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बढ़ाई इलेक्ट्रिक बसों की उपलब्धता और संचालन की तैयारियां
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार शो 2025 में गाजियाबाद सिटी ट्रांसपोर्ट के माध्यम से 30 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों को भेजा जाएगा। यह बसें सभी दर्शकों के लिए नि:शुल्क सेवा प्रदान करेंगी। शनिवार को नगर निगम मुख्यालय में आयोजित बैठक में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने एसडीएम राजेंद्र शुक्ला, रोडवेज के एआरएम वित्त एसडी शर्मा, संजीव चौधरी सहित अन्य अधिकारियों के साथ इलेक्ट्रिक बसों की उपयोगिता और प्रबंधन पर चर्चा की। बैठक में अधिकारियों ने वर्तमान में चल रही वातानुकूलित बसों की स्थिति और उनके संचालन की जानकारी दी। विशेष रूप से कौशांबी, दादरी, लोनी और मंडोला क्षेत्र में संचालित बसों की समीक्षा की गई।
नगर आयुक्त ने कहा कि गाजियाबाद में वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए विस्तृत योजना बनाई जा रही है। आगामी दो माह के भीतर नगर निगम और गाजियाबाद सिटी ट्रांसपोर्ट मिलकर बसों के संचालन, शेल्टर निर्माण और प्रबंधन को और अधिक मजबूत बनाएंगे। इसके लिए पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (ट्रिपल पी) के माध्यम से बस शेल्टर बनाने का कार्य भी तेजी से किया जाएगा। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि व्यापार शो के लिए सभी 30 बसों की सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के बढ़ते संचालन से यात्रियों को सुविधा तो मिलेगी ही, साथ ही शहर में वायु प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलेगी। बैठक में नगर आयुक्त ने भविष्य में यातायात और बस संचालन के बेहतर प्रबंधन के लिए सप्ताह में एक बार नगर निगम और सिटी ट्रांसपोर्ट अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
















