यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह को एक साल का सेवा विस्तार, अनुभव और दक्षता को मिली नई जिम्मेदारी

-आईएएस से सेवानिवृत्त होने के दिन ही मिला नया कार्यकाल, ग्रेटर नोएडा और नियाल दोनों की कमान संभालेंगे सिंह
-विकास परियोजनाओं की निरंतरता और पारदर्शिता पर रहेगा फोकस

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राकेश कुमार सिंह को राज्य सरकार ने एक वर्ष का सेवा विस्तार प्रदान किया है। खास बात यह रही कि आज ही वे आईएएस सेवा से सेवानिवृत्त हुए, और उसी दिन उन्हें प्राधिकरण की कमान संभालने के लिए पुनः जिम्मेदारी सौंप दी गई। सेवा विस्तार के बाद सिंह अब नियाल औद्योगिक विकास प्राधिकरण (NIYAL) के भी सीईओ बने रहेंगे। राकेश कुमार सिंह अपने कार्यकाल में औद्योगिक निवेश, भूमि विकास और बुनियादी ढांचे की परियोजनाओं को गति देने के लिए लगातार सक्रिय रहे हैं। विशेषकर यमुना प्राधिकरण के अंतर्गत फिल्म सिटी, लॉजिस्टिक हब और जेवर एयरपोर्ट जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में उनकी प्रमुख भूमिका रही है। यही कारण है कि सरकार ने उनके अनुभव और कार्यकुशलता को देखते हुए सेवा विस्तार का निर्णय लिया। सेवा विस्तार मिलने के बाद राकेश कुमार सिंह ने कहा कि प्राधिकरण की सबसे बड़ी प्राथमिकता निवेश आकर्षित करना और रोजगार के अवसर बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य यमुना और नियाल क्षेत्र को औद्योगिक एवं आर्थिक दृष्टि से देश का अग्रणी केंद्र बनाना है।

अधूरी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना और नई योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारना मेरी शीर्ष प्राथमिकता रहेगी। यमुना प्राधिकरण के साथ-साथ सिंह नियाल औद्योगिक विकास प्राधिकरण (NIYAL) की कमान भी संभालते रहेंगे। सरकार का मानना है कि उनकी दोहरी भूमिका से दोनों प्राधिकरणों के बीच तालमेल बेहतर बनेगा और विकास कार्यों में गति आएगी। आज ही आईएएस सेवा से सेवानिवृत्त होने के बावजूद सरकार का उन पर दोबारा विश्वास जताना इस बात का प्रमाण है कि राकेश कुमार सिंह ने अपने कार्यकाल में पारदर्शिता, अनुशासन और जनहित की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

सेवा विस्तार के बाद माना जा रहा है कि सिंह आने वाले दिनों में 1000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों और हजारों नए रोजगार सृजन की दिशा में अहम पहल करेंगे। उनके नेतृत्व में प्राधिकरण की कोशिश होगी कि जेवर एयरपोर्ट के आसपास का इलाका अंतरराष्ट्रीय स्तर का औद्योगिक हब बने। राकेश कुमार सिंह को सेवा विस्तार मिलने की खबर से प्राधिकरण क्षेत्र के स्थानीय लोगों और उद्योग जगत में संतोष और खुशी की लहर है। उनका मानना है कि अनुभवी अधिकारी के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास की योजनाएँ निरंतरता के साथ आगे बढ़ेंगी।