दीपावली से पहले गाजियाबाद में हरियाली और सौंदर्यकरण का विशाल अभियान

-नगर निगम उद्यान विभाग ने शहर के मुख्य मार्गों, ग्रीन बेल्ट और सेंट्रल वर्ज को सजाने के लिए चलाया विशेष अभियान
-देशभर से मंगाए गए विशेष पौधे और कारपेट घास से शहर को किया जा रहा हरा-भरा
-नगर आयुक्त और उद्यान विभाग ने नागरिकों से अपील की कि वे हरियाली बनाए रखने में सहयोग करें

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दीपावली से पूर्व पूरे शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के उद्देश्य से गाजियाबाद नगर निगम ने शहर के प्रमुख मार्गों, ग्रीन बेल्ट और सेंट्रल वर्ज में विशेष सौंदर्यकरण अभियान की शुरुआत कर दी है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशन में यह अभियान सभी जोनों में तेजी से चलाया जा रहा है। उद्यान विभाग की टीमें सुबह से लेकर शाम तक शहर के प्रमुख मार्गों की हरियाली बढ़ाने और सड़कों को सजाने में जुटी हैं, ताकि त्योहारी सीजन में गाजियाबाद की सड़कों की हरियाली आगंतुकों को आकर्षित करे और शहर की छवि स्वच्छ और हरित नगर के रूप में निखरे। नगर आयुक्त ने बताया कि शहर के विभिन्न मार्गों जैसे कलेक्ट्रेट आरडीसी फ्लावर से पुलिस लाइन, विवेकानंद नगर से संजय नगर फ्लाईओवर, वैशाली रामप्रस्थ रोड, पुष्पांजलि हॉस्पिटल से वैशाली सेक्टर-16, नंदी पार्क से जीटी रोड, एयरपोर्ट रोड से दिल्ली बॉर्डर, वसुंधरा सेक्टर-2 B से गार्डेनिया सोसायटी, मेवाड़ सेंट्रल वर्ज, एनएच-9 से डायमंड फ्लाईओवर और हिंडन फ्लाईओवर से मेरठ रोड तिराहे तक ग्रीन बेल्ट और सेंट्रल वर्ज को हरे-भरे पौधों और कारपेट घास से सुसज्जित किया जा रहा है।

विशेष पौधों की सजावट और देखभाल
उद्यान विभाग प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि दीपावली से पहले शहर की हरित पट्टी को सजाने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से विशेष प्रजातियों के पौधे मंगाए गए हैं। इसमें कोलकाता से फोनिक्स पाम, पुणे से टिकोमा स्टेंस, फाइकस नूड़ा टपोरी, बेडेलिया, चांदनी वेरी ग्रेटेड, चांदनी सिंगल, चंपा, मुराया एग्जॉटिक, हैमिलिया और कोनो कॉर्पस शामिल हैं। इन पौधों की देखभाल के लिए माली, हेड माली और सुपरवाइजर की टीमें प्रतिदिन पानी देने, पेड़ों की कटिंग और सफाई का कार्य कर रही हैं।

नगर निगम की अपील और पर्यावरणीय महत्व
नगर आयुक्त ने कहा कि यह अभियान केवल सजावट तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर में पर्यावरणीय संतुलन और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में उठाया गया ठोस कदम है। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले गाजियाबाद का हर कोना हरा-भरा होना चाहिए, क्योंकि स्वच्छ और हरित शहर ही सशक्त समाज की पहचान है। नगर निगम की इस पहल को स्थानीय नागरिकों से भी सराहना मिल रही है। लोग अपने-अपने क्षेत्रों में पेड़ लगाने और हरियाली बनाए रखने में सहयोग कर रहे हैं। उद्यान विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे पौधों की सुरक्षा करें और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने में नगर निगम का साथ दें।

त्योहारी तैयारी में हरित सौंदर्य
इस अभियान के तहत अब शहर में सिर्फ सड़क और भवनों की सफाई नहीं बल्कि ग्रीन एस्थेटिक्स पर जोर दिया जा रहा है। शहर के विभिन्न मार्गों पर फैली हरी घास, रंग-बिरंगे पौधे और सेंट्रल वर्ज दीपावली की जगमगाहट में हरियाली की सौंधी खुशबू जोड़ेंगे। नगर निगम का यह हरित अभियान गाजियाबाद की सूरत-संरचना में नई ऊर्जा और निखार लाएगा।