निवाड़ी रोड पर 17 हजार वर्गमीटर में अवैध कॉलोनी ध्वस्त, सड़क और दीवारें भी तोड़ी गईं

-जीडीए प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर से कार्रवाई की, कालोनाइजरों और निर्माणकर्ताओं का विरोध भी काबू में किया

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने निवाड़ी रोड क्षेत्र में 17 हजार वर्गमीटर में फैली अवैध कॉलोनी को बुधवार को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देशानुसार की गई, जिसमें प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर और अन्य उपकरणों का उपयोग कर कालोनाइजरों द्वारा बनाए गए अनधिकृत निर्माण को ध्वस्त किया। जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी एवं ओएसडी राजीव रतन सिंह के नेतृत्व में सहायक अभियंता राजीव कुमार, अवर अभियंता राजन सिंह और अवर अभियंता योगेश वर्मा ने जीडीए पुलिस बल के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। अवैध कॉलोनी याकूतपुर मवी व दिव्य ज्योति कॉलेज के बराबर निवाड़ी रोड, मोदीनगर में ईशू नेहरा पुत्र रविंद्र नेहरा, कृष्णपाल और यशवीर उर्फ बाबू पुत्र प्रेमचंद, सुखपाल पुत्र ताराचंद द्वारा खसरा संख्या-35 पर बनाई जा रही थी।

इस क्षेत्र में कालोनाइजर सड़कों के निर्माण हेतु मिट्टी डाल रहे थे और साइड दीवार बनाने के लिए ईंट चिनाई कर रहे थे। हालांकि, उन्हें जीडीए से स्वीकृत मानचित्र और स्वामित्व अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके चलते जीडीए प्रवर्तन टीम ने चालान की कार्रवाई करते हुए बुलडोजर से कॉलोनी की सड़कों, भूखंडों की बाउंड्रीवाल और साइट ऑफिस को ध्वस्त कर दिया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान कालोनाइजर और निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया, लेकिन जीडीए पुलिस ने उन्हें काबू में करते हुए कार्रवाई सुनिश्चित की। जीडीए प्रवर्तन टीम ने कहा कि आगामी माह में भी अवैध कॉलोनी और निर्माण को ध्वस्त करने तथा सील लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।

जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बताया कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण अवैध निर्माण और कालोनाइजरों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता नीति पर काम कर रहा है। किसी भी निर्माण के लिए प्राधिकरण से अनुमति और मानचित्र आवश्यक हैं। जो भी लोग नियमों का उल्लंघन करेंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। हमारा लक्ष्य शहर को अवैध निर्माण से मुक्त और नियोजित विकास सुनिश्चित करना है। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया कि जीडीए अवैध निर्माण और अनाधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ सख्त है और भविष्य में भी अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।