खाद्य सुरक्षा पर एडीएम सिटी विकास कश्यप की सख्त चेतावनी, स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नही

-खाद्य मानकों से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
-स्ट्रीट फूड वेंडर्स पर विशेष निगरानी, फूड सेफ्टी ऑन व्हील से होगी खाद्य पदार्थों की जांच
-खाद्य सुरक्षा अभियान केवल कागजों पर नहीं, जमीन पर दिखना चाहिए: एडीएम सिटी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिला प्रशासन द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक शुक्रवार को एडीएम सिटी विकास कश्यप की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहर की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा खाद्य कारोबारियों में जागरूकता लाने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान एडीएम सिटी ने स्पष्ट कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शहर के स्ट्रीट फूड वेंडर्स और छोटे खाद्य विक्रेताओं की नियमित निगरानी की जाए और ऐसे सभी क्लस्टरों की पहचान कर उन्हें खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे बिकने वाले खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य रंगों के अंधाधुंध प्रयोग से बचने के लिए अभियान चलाया जाए।

एडीएम सिटी विकास कश्यप ने अपने दृढ़ रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि गाजियाबाद में जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जो भी खाद्य मानकों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। खाद्य सुरक्षा केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि जनहित से जुड़ी जिम्मेदारी है, जिसे पूरी निष्ठा से निभाया जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि मोबाइल प्रयोगशाला ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील’ के माध्यम से नियमित जांच अभियान चलाया जाए ताकि आमजन को यह जानकारी मिल सके कि प्रशासन खाद्य पदार्थों की शुद्धता को लेकर कितना गंभीर है। साथ ही इस प्रयोगशाला की कार्यप्रणाली का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग अपने खाद्य पदार्थों की जांच करवाने के लिए प्रेरित हों।

एडीएम सिटी ने आबकारी विभाग से संबंधित दुकानों के खाद्य लाइसेंस को 100 प्रतिशत कवरेज में लाने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी लाइसेंसधारी व्यापारी को खाद्य सुरक्षा मानकों से बाहर नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को चेताया कि यदि किसी भी स्तर पर शिथिलता पाई गई तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में सहायक आयुक्त (खाद्य) अरविंद कुमार यादव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय, अन्य विभागीय अधिकारी, उद्योग संगठन के सुशील अरोड़ा, उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के पदाधिकारी प्रीतम लाल और सतीश अग्रवाल, तथा ड्रग एसोसिएशन के श्री राजीव त्यागी उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में एडीएम सिटी विकास कश्यप ने कहा कि खाद्य सुरक्षा केवल एक प्रशासनिक विषय नहीं है, बल्कि यह जनस्वास्थ्य की सुरक्षा की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि गाजियाबाद को स्वच्छ, सुरक्षित और मानक खाद्य पदार्थों वाला शहर बनाया जाए। इस दिशा में कोई भी कोताही या बहाना स्वीकार्य नहीं होगा। एडीएम सिटी की सख्त कार्यशैली और स्पष्ट निर्देशों से बैठक में मौजूद अधिकारियों में गंभीरता और सक्रियता का माहौल देखा गया। यह बैठक गाजियाबाद में खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में एक निर्णायक कदम साबित हुई, जिससे प्रशासनिक स्तर पर सख्ती और जनहित दोनों का सशक्त संदेश गया।

विकास कश्यप
एडीएम सिटी

गाजियाबाद में खाद्य सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति या संस्थान को जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। स्ट्रीट फूड वेंडर्स से लेकर बड़े प्रतिष्ठानों तक, सभी को निर्धारित मानकों का पालन करना अनिवार्य है। प्रशासन पूरी सख्ती से निगरानी करेगा और जहां भी अनियमितता पाई जाएगी, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी। हमारा लक्ष्य है कि गाजियाबाद को ‘सुरक्षित खाद्य शहर’ के रूप में उदाहरण बनाया जाए।
विकास कश्यप
एडीएम सिटी